भिवंडी कोर्ट परिसर में हंगामा, गांजा तस्करी के आरोपी ने पेशी के दौरान मचाया उत्पात
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 24, 2025
- 191 views
पुलिस से धक्का-मुक्की और धमकी, दो आरोपी गिरफ्तार
भिवंडी। भिवंडी कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस अदालत में पेश करने लाई थी। शांतिनगर पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया आरोपी कोर्ट परिसर के बाहर अचानक उग्र हो गया और हंगामा करने लगा। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और सरकारी काम में बाधा डालने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, 22 दिसंबर को शांतिनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में नरेश अनिल गोयल (19) निवासी हनुमान नगर, कामतघर, अभिषेक देेशमुख और हाशिम शब्बीर सैदू (38) निवासी सरपंच इरफान शेख का घर, महापोली गांव, भिवंडी को गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपियों को औपचारिक पेशी के लिए भिवंडी अदालत लाया गया था।बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम आरोपियों को कोर्ट परिसर के बाहर लेकर पहुंची, उसी दौरान नरेश अनिल गोयल ने शोर-शराबा शुरू कर दिया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों से बहस की, गाली-गलौज की और लोगों की भीड़ इकट्ठा करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ समय के लिए अदालत परिसर के बाहर तनाव का माहौल बन गया।एफआईआर के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस कर्मचारियों को धक्का दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी के हंगामे के चलते कुछ देर के लिए अदालत परिसर की व्यवस्था प्रभावित हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए आरोपी को नियंत्रित किया और उसे अदालत के भीतर पेश किया।इससे पहले पुलिस द्वारा की गई तलाशी में नरेश अनिल गोयल के पास से 25 ग्राम और हाशिम शब्बीर सैयद के पास से 59 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 8,500 रुपये बताई गई है।शांतिनगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 352, 351(2), 3(5) के साथ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(क), 20(ख)(अ) और क्रिमिनल अमेंडमेंट एक्ट की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस सुत्रों का कहना है कि अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। नशे के कारोबार और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश गायकर कर रहे है।


रिपोर्टर