भिवंडी में पावरलूम कारखाने में भीषण आग, लाखों का नुकसान

सिलेंडर फटने से फायर ब्रिगेड कर्मचारी घायल


भिवंडी। भिवंडी शहर के सिद्धार्थ नगर, खोनी गांव स्थित ज्योति टेक्सटाइल के तीन पावरलूम कारखानों में मंगलवार देर शाम करीब सवा पांच बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखते ही देखते पूरे कारखाने में फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कारखानों में लगी पावरलूम मशीनें, तैयार कपड़ा, धागा और अन्य कच्चा माल जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बुझाने के दौरान एक सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस घटना में फायर ब्रिगेड के कर्मचारी कांतिलाल गुज्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत भिवंडी के सरकारी स्वर्गीय इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक ज्योति टेक्सटाइल के इन पावरलूम कारखानों में धागा वार्पिंग, कोट-मंजिला पार सहित धागे से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाएं की जाती थीं। यहां धागे को प्रोसेस कर पावरलूम मशीनों के जरिए कपड़े का उत्पादन किया जाता था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही देर में तीनों कारखाने पूरी तरह जलकर तबाह हो गए।घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका की फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के इलाकों में फैलने से रोका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट