अवैध सूदखोरी का भंडाफोड़245 ब्लैंक चेक, डेढ़ किलो चांदी और नकदी के साथ सूदखोर गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 24, 2025
- 382 views
संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कुदरा (कैमूर):- स्थानीय पुलिस ने इलाके में सक्रिय अवैध सूदखोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में ब्लैंक चेक, डीड, नकदी और चांदी बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई कुदरा थाना क्षेत्र के कुदरा पूरब मोहल्ला में अंजाम दी गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित संतोष तिवारी उर्फ पंकज तिवारी (कुदरा वार्ड नं 10) ने थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत दी। संतोष ने बताया कि वर्ष 2022 में बहन की शादी के लिए उन्होंने आरोपी लक्ष्मण साह से 1,50,000 रुपये उधार लिए थे, जिसके एवज में आरोपी ने सुरक्षा के तौर पर एक हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक रख लिया था। संतोष अब तक 56,000 रुपये लौटा चुके थे। बीते 27 सितंबर को जब वे शेष 94,000 रुपये लेकर अपना चेक वापस मांगने पहुंचे, तो लक्ष्मण साह ने सूद के नाम पर 5,27,240 रुपये की भारी-भरकम मांग कर दी। पैसे न देने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और जबरन सादे कागज पर 5.27 लाख रुपये की उधारी लिखवाकर हस्ताक्षर करा लिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने वरीय अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मोहनियाँ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपी के घर पर छापेमारी की गई। इस छापेमारी में पुलिस को सूदखोरी के काले साम्राज्य के पुख्ता सबूत मिले। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण साह के घर से विभिन्न बैंकों के 245 ब्लैंक चेक (हस्ताक्षरित), 39 डीड (दस्तावेज), 65 ब्लैंक स्टाम्प पेपर और 3 डायरियां बरामद कीं। इन डायरियों में करीब 97 लोगों के नाम और उनसे संबंधित कर्ज का पूरा ब्योरा दर्ज है। दस्तावेजों के अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 1.764 किलोग्राम चांदी, 1,70,000 रुपये नकद, 11 बैंक पासबुक और चेकबुक भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मण साह, पिता- स्वर्गीय मथुरा साह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी के बाद इलाके के कई अन्य पीड़ित सामने आ सकते हैं जिन्हें ब्याज के जाल में फंसाकर प्रताड़ित किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस बरामद दस्तावेजों और बैंक खातों की गहनता से जांच कर रही है।


रिपोर्टर