अचानक बढ़ी ठंड से घरों में दुबके लोग, जन-जीवन प्रभावित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 18, 2025
- 101 views
संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट
भभुआं(कैमूर)-- अनुमंडल में एकाएक ठंड बढ़ जाने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। शुक्रवार सुबह से ही ठंडी हवाओं के चलने के कारण लोग ठिठुरते हुए दिखाई दिए। ठंड का असर इतना अधिक रहा कि लोग घरों से निकलने में भी परहेज करते नजर आए।
चैनपुर प्रखंड के नगर पंचायत हाटा, चंद, चैनपुर, भगवानपुर और अधौरा प्रखंड तक ठंड का व्यापक असर देखने को मिला। हर चौक-चौराहे पर लोग अलाव जलाकर अपने हाथ-पैर गर्म करते दिखे। विशेषकर सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप अधिक रहा, जिससे सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम दिखाई दी।
दुकानदार, राहगीर और मजदूर अलाव के सहारे ठंड से बचाव करते नजर आए। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने स्वयं अलाव की व्यवस्था की, ठंड के कारण छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित दिखे।
ठंड का असर घरों के भीतर भी साफ तौर पर नजर आया। ग्रामीण इलाकों में लोग अपने घरों के आंगन में अलाव जलाकर हाथ-पैर सेंकते दिखे। किसानों और दैनिक मजदूरों को काम करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बढ़ी ठंड से सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेकर ही दिन गुजार रहे हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था और बढ़ाई जाए, ताकि ठंड से राहत मिल सके।
फिलहाल ठंड का यह दौर जारी है और लोग आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ने की आशंका जता रहे हैं।


रिपोर्टर