भिवंडी मनपा चुनाव और नए साल के शुरू होने से पहले आबकारी विभाग की बड़ी छापेमारी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 17, 2025
- 153 views
गोवा में बनी 1 करोड़ रुपये की विदेशी शराब जब्त, कंटेनर चालक गिरफ्तार
भिवंडी। क्रिसमस और नए साल के दौरान शराब की बिक्री में तेजी के साथ-साथ इसकी तस्करी भी बढ़ रही है। इसी तरह आबकारी विभाग की फ्लाइंग स्क्वाड ने भिवंडी में छापा मारकर 1 करोड़ 91 हजार 880 रुपये मूल्य की गोवा में बनी विदेशी शराब के 711 बाक्स जब्त किए, साथ ही मध्य प्रदेश में बिक्री के लिए तैयार एक कंटेनर भी कब्जे में लिया और कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
उत्पाद शुल्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की फ्लाइंग स्क्वाड को सूचना मिली थी कि गोवा में बनी विदेशी शराब एक कंटेनर में ले जाई जा रही है। तदनुसार, फ्लाइंग स्क्वाड, आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर दीपक परब और स्क्वाड के आर.वी. सनप, टी.सी. चव्हाण, द्वितीय इंस्पेक्टर एन.जे. शिरसाठ, आर.एम. राठौड़, के.एस. वाजे और एन.ए. लोखंडे ने जाल बिछाकर मुंबई-नासिक राजमार्ग पर सुबह लगभग 9:30 बजे राजनोली गांव के इलाके में संदिग्ध कंटेनर नंबर NL 01 AB 7168 को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान, कंटेनर में रॉयल सेलेक्ट डीलक्स व्हिस्की और रॉयल ब्लू व्हिस्की के 711 डिब्बे विदेशी शराब बरामद हुई। स्क्वाड ने शराब और कंटेनर को जब्त कर लिया और चालक आसिफ आस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। आबकारी इंस्पेक्टर दीपक परब इस मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।


रिपोर्टर