सरैया पंचायत के उमापुर में किसान चौपाल लगाकर किसानों को सरकार की योजनाओं के दीगई जानकारी

संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट 

भभुआं (कैमूर)-- अनुमंडल के भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के सरैया पंचायत में दिनांक 08 दिसंबर 2025, दिन सोमवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) कैमूर द्वारा ग्राम उमापुर, पंचायत सरैया में बासंतिक (रबी) “कृषि जन कल्याण चौपाल 2025” का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 26 नवंबर 2025 से लगातार चल रहा था, जिसका आज समापन किया गया।

चौपाल में किसानों को विभागीय योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने गेहूं फसल की वैज्ञानिक खेती, मोटे अनाजों के उत्पादन, तथा चना और सरसों की उन्नत कृषि विधियों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया। मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने हेतु मिट्टी जांच और बीज टीकाकरण की विधि का महत्व भी समझाया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फसल अवशेष प्रबंधन रहा, जिसमें बताया गया कि कटाई के बाद खेत में बचे पुआल और डंठलों को जलाने के बजाय आधुनिक कृषि यंत्रों की सहायता से मिट्टी में मिलाकर भूमि की उर्वरता बढ़ाई जा सकती है। किसानों को हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, रोटावेटर, मल्चर, स्ट्रॉ चॉपर और स्ट्रॉ बेलर जैसे उपकरणों की उपयोगिता समझाई गई। साथ ही यह भी बताया गया कि इन यंत्रों पर सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे किसानों का खर्च कम होता है और पराली जलाने से होने वाला प्रदूषण भी रोका जा सकता है।

आत्मा योजना में प्रशिक्षण तथा किसान पाठशाला की गतिविधियों के बारे में भी किसानों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्राम के महिलाओं और पुरुष किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर कृषि विभाग से रामेश्वर पाण्डेय (BTM), सत्य प्रकाश सिंह (ATM) और रामचरण कुमार (किसान सलाहकार) उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट