मुर्गी फार्म की आड़ में चल रहा था हथियारों और गांजे का धंधा, पुलिस की छापेमारी में संचालक गिरफ्तार

नुआंव थाना क्षेत्र के अखनी गांव का मामला, पानी की टंकी में छिपाकर रखे गए थे 3 देसी कट्टे, कारतूस और 8 किलो गांजा

संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- जिले के नुआंव थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुर्गी फार्म की आड़ में चल रहे अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अखनी गांव स्थित एक मुर्गी फार्म पर छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा, हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। मौके से फार्म के मालिक आतिफ अफरोज खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, नुआंव पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अखनी गांव निवासी आतिफ अफरोज खान अपने मुर्गी फार्म के पास अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद मोहनिया एसडीपीओ (SDPO) के निर्देशन में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें नुआंव थानाध्यक्ष और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

*पानी की टंकी बनी हथियार डिपो*

पुलिस टीम ने जब मुर्गी फार्म पर दबिश दी और तलाशी शुरू की, तो वहां मौजूद पानी की टंकी के अंदर से चौंकाने वाला जखीरा बरामद हुआ। टंकी में छिपाकर रखे गए 3 अवैध देसी कट्टे, 4 जिंदा कारतूस, 2 मिसफायर कारतूस और 13 खोखा (खाली कारतूस) बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने वहां से 8.12 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया है।

पुलिस ने मौके से ही आरोपी आतिफ अफरोज खान (पिता- अफरोज खान) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन हथियारों और गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट