कार्य में लापरवाही पर जल निगम के ठेकेदार पर होगी एफआईआर - कलेक्टर डॉ. मिश्रा
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Dec 06, 2025
- 177 views
जल निगम की समीक्षा बैठक के दौरान अधूरे कार्यां पर कलेक्टर ने जताई नाराज़गी
राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जल निगम की विस्तृत समीक्षा बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने अक्टूबर माह में आयोजित समीक्षा बैठक के बिंदुओं पर चर्चा करते हुए माह दिसंबर की कार्य योजना की जानकारी भी मांगी। इस दौरान उन्होंने म.प्र. जल निगम, परियोजना क्रियान्वयन इकाई राजगढ़ महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि वे कार्य न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्यवाही कर अवगत कराएं।कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कुंडालिया ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना में रोड रेस्टोरेशन, पाइप लाइन कमीशनिंग, टंकी निर्माण सहित अन्य कार्यों में मासिक कार्य योजना के हिसाब से प्रगति न होने पर भी नाराजगी जाहिर की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कुंडालिया एवं मोहनपुरा योजनाओं में शेष रहे हर घर जल प्रमाणीकरण के मामलों में प्रगति पर भी असंतुष्टि जताते हुए जल निगम महाप्रबंधक पर कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने इस तरह की लगातार लापरवाही के चलते कुंडालिया एवं मोहनपुरा एलएंडटी लिमिटेड के पीएम श्री अरुण हर्षा एवं श्री ऋषि साकल्ले को कार्य में लापरवाही पर एफआईआर कराने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि गांव में खेती के लिए पानी चोरी करने या टिल्लू पंप लगाने वालों पर पुलिस दल को साथ ले जाकर कार्यवाही की जाए।साथ ही जल प्रभार वसूली न करने और टंकी एग्रीमेंट में सहयोग न करने वाली पंचायतों पर जिला पंचायत के जरिए कार्यवाही कराने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने जल निगम से कहा कि इस बात की समीक्षा के लिए ब्लॉक स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाएं, जिनकी समीक्षा वह स्वयं करेंगे। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ग्राम पीपल्या खास एवं अमरपुरा में सप्लाई लाइन की चैकिंग के लिए जल संसाधन विभाग की टीम द्वारा तकनीकी जांच कराने के भी निर्देश दिए। जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह स्कूल एवं आंगनवाड़ी में दिए गए कनेक्शनो की जानकारी प्रस्तुत करने, ग्राम जल समितियों को एक्टिव कर उनके सदस्यों का प्रशिक्षण कराने और स्व सहायता समूह को इनमें शामिल करने, सभी योजनाओं में बल्क फ्लो मीटर लगवाने, एसेट्स का भौतिक सत्यापन कराने सहित पेयजल का दुरोपयोग व चोरी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ब्यावरा के सनराइज होटल के मालिक द्वारा पानी चोरी के मामले में की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए आरोपी से अब तक जुर्माना वसूली नहीं किए जाने और पेयजल चोरी के मामले में उस पर पुलिस रिपोर्ट नहीं कराए जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही ऐसे पेयजल चोरी के मामलों में अविलंब एफआईआर और धारा 151 के अंतर्गत जेल भिजवाने के निर्देश भी जल निगम अधिकारियों को दिए गए।


रिपोर्टर