प्रेक्षक ने नटवार बाजार समिति में ईवीएम कमिशनिंग का निरीक्षण किए
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 02, 2025
- 85 views
रोहतास । जिले के 210–दिनारा विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौर (IAS) द्वारा बाज़ार समिति, नटवार स्थित ईवीएम कमीशनिंग कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संपूर्ण प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपादित करने पर विशेष बल दिया।
प्रेक्षक द्वारा कमीशनिंग स्थल पर मौजूद तकनीकी-दल, पीठासीन अधिकारियों तथा संबंधित निर्वाचन कर्मियों से कार्य की प्रगति का विस्तृत फीडबैक लिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक ईवीएम एवं वीवीपैट का परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुसार यथासमय पूर्ण कर लिया जाए, ताकि मशीनों की सीलिंग, टैगिंग एवं डॉक्यूमेंटेशन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने कहा है कि कमीशनिंग-स्थल पर सुरक्षा-व्यवस्था चौकस रखी जाए तथा अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाय। प्रेक्षक ने यह भी कहा कि सभी प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाय,ताकि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव के उद्देश्य को सफल बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान कर्मियों को यह भी समझाया कि ईवीएम संचालन से संबंधित प्रत्येक चरण में शत-प्रतिशत सावधानी एवं प्रोटोकॉल का पालन अत्यंत आवश्यक है ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो। प्रेक्षक राठौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित टाइमलाइन के भीतर सभी कार्य संतोषजनक रूप से पूरे किए जाएँ तथा किसी भी प्रकार की कमी अथवा तकनीकी आवश्यकता हो तो तुरंत सूचित किया जाए। जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने भी इस अवसर पर संदेश देते हुए कहा कि समस्त निर्वाचन कार्य भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप बड़े दायित्व और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न किए जाएँ। उन्होंने सभी मतदाताओं से 11 नवंबर 2025 को होने वाले मतदान में उत्साहित और निर्भय होकर लोकतांत्रिक कर्तव्य का पालन करते हुए शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की।


रिपोर्टर