भिवंडी के खिलाड़ियों की चमक अंतरराष्ट्रीय मंच पर — केनिया को पछाड़ किया कमाल

भिवंडी। गोवा के मेसा स्थित पदम इंडोर स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में भिवंडी शहर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में भारत के साथ ही केनिया, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल और श्रीलंका के लगभग दो हजार कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। भिवंडी के ऑल स्पोर्ट्स कराटे डू फाउंडेशन और भिवंडी यूथ स्पोर्ट्स अकादमी से कुल 12 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन खिलाड़ियों ने काता और कुमिते मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 7 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य पदक अपने नाम किए। विशेष रूप से, केनिया के खिलाड़ियों के खिलाफ हुए मुकाबले में भिवंडी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जीत हासिल की और भारतीय तिरंगा लहराया। प्रतियोगिता का आयोजन वर्ल्ड फनकोशी शोतोकान कराटे ऑर्गनाइजेशन के संस्थापक मास्टर हसन इस्माइल के मार्गदर्शन में किया गया था। प्रतियोगिता के बाद भिवंडी लौटे विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।लिटिल चैप स्कूल की संस्थापिका खिलना शाह एवं कल्पेश शाह, साथ ही मास्टर अली मेमन, फिरोज मेमन और अरविंद जैसवार ने खिलाड़ियों का सत्कार करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के कोच अली मेमन, अंबर मेमन, सर्वेश साहनी, सालिक अंसारी, आफताब सर और अरकम सर की मेहनत और योगदान की भी सराहना की गई।भिवंडी के इन होनहार खिलाड़ियों की सफलता ने न केवल शहर का गौरव बढ़ाया है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट