भिवंडी मनपा की हाउस टैक्स वसूली पर असर, छह माह में केवल 2.78 प्रतिशत वसूली
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 31, 2025
- 206 views
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर महानगर पालिका क्षेत्र में संपत्ति कर वसूली की रफ्तार इस वर्ष बेहद धीमी रही है। चालू आर्थिक वर्ष 2025-26 के पहले छह महीनों में पालिका केवल 2.78 प्रतिशत यानी 29 करोड़ 35 लाख 89 हजार रुपये की ही वसूली कर सकी है। जबकि कुल बकाया राशि बढ़कर 1 हजार 54 करोड़ 67 लाख रुपये तक पहुंच गई है।नगर पालिका क्षेत्र में लगभग ढाई लाख संपत्तियों पर कर वसूला जाता है। इसके लिए पांचों प्रभाग समितियों में करीब 75 वसूली कर्मचारी तैनात हैं। लेकिन कर्मचारियों के तबादलों और आगामी चुनावी ड्यूटी के कारण वसूली अभियान की गति पर असर पड़ा है। सूत्रों के अनुसार भिवंडी मनपा चुनाव की घोषणा जल्द होने की संभावना है। नवंबर के पहले सप्ताह में मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। चुनावी कार्यों में व्यस्त कर्मचारियों के कारण वसूली की रफ्तार थम गई है। यदि यही स्थिति रही तो अप्रैल 2026 तक वसूली 10 प्रतिशत तक ही पहुंच पाएगी। यदि आचार संहिता लागू होने से पहले अभय योजना लागू की जाती है तो वसूली में दोगुनी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। एक वसूली कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शीर्ष बकायादारों में अधिकांश रिहायशी इमारतें हैं। इन पर कार्रवाई के लिए पानी आपूर्ति विभाग से प्लंबर की मांग की गई थी, लेकिन अब तक सहयोग नहीं मिलने से कार्रवाई अटकी हुई है। सूत्रों का कहना है कि पूर्व वर्षों में बकायादारों पर सख्त कार्रवाई की जाती थी। उपायुक्त (कर), कर मूल्यांकन विभाग प्रमुख, वार्ड अधिकारी और कर निरीक्षक मिलकर बकायादारों की संपत्तियों पर ढोल-नगाड़े बजाकर सील लगाने और बाद में नीलामी करने की प्रक्रिया अपनाते थे। लेकिन इस बार ऐसी कार्रवाई न होने से टैक्स वसूली की रफ्तार काफी धीमी हो गई है।


रिपोर्टर