युवक की पिटाई, गले की चैन लूटी तीन पर मामला दर्ज

पार्टी की जिद से शुरू हुआ विवाद कोयता लहराते खूनी झगड़े में बदला।


घायल युवक अस्पताल में भर्ती


भिवंडी। दिवाली की रौनक के बीच दोस्तों के बीच पार्टी के पैसों को लेकर हुआ मामूली विवाद मारपीट और लूट में तब्दील हो गया। नारपोली पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, साई नगर कामतघर निवासी पेंटर मुकेश रामकुमार चौबे के साथ दीवाली की रात उनके परिचित निलेश उर्फ निल्या ने दिवाली पार्टी की मांग करते हुए विवाद शुरू किया। मुकेश ने बताया कि उसने कहा कि दिवाली खत्म हो चुकी है, अब पैसे कहां से लाऊं। इस पर निलेश तैश में आकर बोला कि “पैसा नहीं है तो गले की चैन बेचकर पार्टी दे।” दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी तो मौके पर मौजूद निलेश और निखिल सालुंखे उर्फ निख्या तथा अन्नू विपीन यादव भी झगड़े में कूद पड़े। शिकायत के मुताबिक, निलेश ने गाली-गलौज करते हुए खुद को हाल ही जेल से छूटा बताया और धमकी दी कि “जेल मेरा घर है।” विरोध करने पर उसने मुकेश को थप्पड़ मारा और बाकी दोनों ने मिलकर उस पर लात-घूंसे बरसा दिए। मारपीट के दौरान आरोपियों ने मुकेश की सोने की चैन भी छीन ली और जान से मारने की धमकी दी।स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की तो निखिल ने हाथ में कोयता लहराते हुए चेतावनी दी कि बीच में आने पर किसी को भी नहीं छोड़ेगा। हमले में गंभीर रूप से घायल मुकेश को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। नारपोली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 119(2), 109, 115(2), 352, 351, 3(5) और महाराष्ट्र पुलिस कायदा की कलम 37(1), 135 के तहत निलेश, निखिल सालुंखे और अन्नू यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच एपीआई आकाश पवार कर रहे हैं।वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश बढ़ा चुकी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट