गायत्री नगर में रात को हमला, पति व पत्नी से लूटे चैन व मंगलसूत्र
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 25, 2025
- 183 views
भिवंडी । गायत्री नगर क्षेत्र में देर रात घर लौट रहे एक दंपत्ति से तीन अज्ञात युवकों ने मारपीट कर नकदी व सोने के जेवर लूट लिए। शांतिनगर पुलिस ने इस संबंध में लूट व जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है,शांतिनगर पुलिस के अनुसार, बालाजी दादाराव वाणी (32) रात अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। गायत्री नगर चौक के पास पीछे से आई मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उनकी बाइक को बेहद करीब चलाते हुए साइड से निकालने लगे। इस पर पीड़ित की पत्नी ने सुरक्षित दूरी बनाने को कहा। इसी बात पर आरोपियों ने विवाद छेड़ दिया और गाली-गलौज करते हुए दंपत्ति को धमकाने लगे,विवाद बढ़ता देख दंपत्ति गायत्री नगर पुलिस चौकी की ओर जाने लगे, तभी हमलावरों ने उनकी बाइक रुकवाकर बालाजी को पकड़ लिया और किसी भारी वस्तु से वार कर घायल कर दिया। आरोपियों ने बालाजी की पत्नी की सोने की चैन और सवा तोला वजन वाला मंगलसूत्र जिसमें गणपति बप्पा का पेंडल लगा था, जबरन छीन लिया। छीने गए जेवरों की कीमत करीब लाखों रुपये बताई गई है। हमलावरों ने धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। घायल बालाजी किसी तरह पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामला दर्ज कराया। शांतिनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 351(1), 352 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय नागरिकों ने रात में क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।


रिपोर्टर