सोशल मीडिया पर कट्टे वाली तस्वीर वायरल, दो गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

 जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से अवैध हथियार बरामद किया है। यह  मामला 21 अक्टूबर 2025 का है, जब सोशल मीडिया पर एक युवक की कट्टे के साथ तस्वीर तेजी से वायरल हुई। इस तस्वीर के सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। कैमूर पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत संज्ञान लिया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भभुआ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया। इस टीम ने बिना समय गंवाए युद्धस्तर पर कार्रवाई शुरू की और वायरल तस्वीर में दिख रहे युवक की पहचान मनीष पासवान के रूप में की। मनीष, जिसकी उम्र करीब 21 साल बताई जा रही है, मुन्ना पासवान का बेटा और ग्राम अमाव, चैनपुर, जिला कैमूर का निवासी है। पुलिस ने मनीष को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि वायरल फोटो उसी का है और उसने जो कट्टा पकड़ा हुआ था, वह उसके ही गांव के प्रदीप सेठ के पास है। मनीष ने पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी देते हुए बताया कि उसने और प्रदीप सेठ ने मिलकर यह कट्टा जमीनी विवादों और गांव-पट्टीदारों के बीच अपना दबदबा कायम करने के लिए खरीदा था। प्रदीप सेठ, जिसकी उम्र करीब 35 साल है और जो मोहन सेठ का बेटा है, वह भी ग्राम अमाव, थाना चैनपुर, जिला कैमूर का रहने वाला है। मनीष की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल प्रदीप सेठ को भी अपनी अभिरक्षा में लिया। दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने चैनपुर थाना अंतर्गत खरीगाबा चौक के पास प्रदीप सेठ की दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान, दुकान के लॉकर में छुपा कर रखा हुआ 01 देशी कट्टा और 19 जिंदा कारतूस, जो 315 बोर के हैं, बरामद किए गए। इस सफलता के बाद पुलिस ने मनीष पासवान और प्रदीप सेठ दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ चैनपुर थाना में कांड संख्या-501/25, दिनांक-22.10.2025 धारा-25(1-b)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को अब माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट