मतपत्र प्रकोष्ठ की तैयारी में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी - डीएम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 18, 2025
- 36 views
रोहतास। विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास उदिता सिंह ने समाहरणालय में मतपत्र प्रकोष्ठ (Ballot Paper Cell) की समीक्षा बैठक की। इस अवसर पर प्रकोष्ठ के नोडल पदाधिकारी, सहायक नोडल पदाधिकारी, तथा संबंधित शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने मतपत्र की छपाई, प्रूफ रीडिंग, सत्यापन, पैकिंग, भंडारण एवं वितरण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतपत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही अस्वीकार्य है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नोडल पदाधिकारी को कई आवश्यक निर्देश दिए।
मतपत्र की गुणवत्ता एवं प्रूफ रीडिंग पर विशेष ध्यान दें।सभी विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम, प्रतीक चिन्ह तथा पार्टी का नाम सही-सही छपे, यह सुनिश्चित किया जाए। प्रूफ फाइनल होने से पहले बार-बार जांच की जाए ताकि किसी भी प्रकार की गलती की संभावना न रहे।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। मतपत्र की छपाई, परिवहन, वितरण एवं रख-रखाव की प्रत्येक प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मतपत्रों की छपाई एवं भंडारण स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रवेश नियंत्रण प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी एवं अभिलेख संधारण की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।
समय-सीमा का पालन अनिवार्य रूप से हो। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं ताकि निर्वाचन कार्यक्रम में किसी प्रकार की देरी न हो।
संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी हेतु जिम्मेदार पदाधिकारी नामित हों। प्रत्येक चरण की प्रगति रिपोर्ट दैनिक रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजी जाए।
सभी संबंधित कर्मियों को निर्वाचन आचार संहिता एवं गोपनीयता नियमों की जानकारी दी जाए। मतपत्र से संबंधित जानकारी या नमूना किसी भी स्तर पर सार्वजनिक न किया जाए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतपत्र निर्वाचन की आत्मा है। इसकी शुद्धता, गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी कार्य अत्यंत सावधानी एवं पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं। विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित शाखा अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन अपडेट करें और यदि किसी स्तर पर तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आती है तो तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचित करें।


रिपोर्टर