दीपावली एवं छठ पूजा के अवसर पर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का किया गया आयोजन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 15, 2025
- 64 views
रोहतास।बुधवार को जिला पदाधिकारी, रोहतास के द्वारा आगामी दीपावली / लक्ष्मीपूजा एवं छठ महापर्व - 2025 के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की गयी।
सर्वप्रथम अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, रोहतास के द्वारा जिला स्तरीय आयोजित शांति समिति की बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों तथा जिला स्तरीय विभागीय पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए बैठक की कार्यवाही प्रारम्भ की गयी। बैठक में अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, रोहतास के द्वारा बताया गया कि विगत दशहरा त्योहार बड़े ही सौहार्दपूर्ण एवं शांत वातावरण मनाया गया, जिसके लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया और आगामी दीपावली / लक्ष्मीपूजा एवं छठ महापर्व - 2025 के अवसर पर शांत एवं सौहार्दपूर्ण वातारण में मनाये जाने की अपील किया गया तथा बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों से एक-एक करके सुझाव एवं मंतब्य की मांग किया गया। बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों के द्वारा निम्नांकित सुझाव दिया गया।
जो निम्न प्रकार है:-
सासाराम नगर पूजा समिति के सदस्यों के द्वारा बताया गया कि दिनांक 18.10.2025 से दिनांक 31.10.2025 तक विभिन्न त्योहार यथा - धनतेरस, दीपावली, लक्ष्मीपूजा, गोवर्द्धन, नहाय / खाये छठव्रत, भैयादूज एवं गोपाष्टमी मनाये जायेगें, जिसमें शहर की सफाई, घाटों की सफाई, विद्युत प्रकाश एवं विद्युत आपूर्ति की नितान्त आवश्यकता बताते हुए उपलब्ध कराये जाने हेतु सुझाव दिया गया।उक्त त्योहारों के अवसर पर पेयजलापूर्ति एवं पर्याप्त संख्या में पुलिसबलों की प्रतिनियुक्ति करने हेतु अनुराध किया।डिहरी अनुमंडल के श्री धनंजय सिंह बाल के द्वारा बताया गया कि दीपावली के समय पठाखों के फोड़े जाने पर विशेष सर्तकता बरती जाय, छठव्रत में घाटों सोन में काफी पानी होने के कारण दुर्घटना होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है, इस लिए सोन में पानी बहाव को रोक लगाया जाय।
सासाराम नगर में धर्मशाला रोड में धनतेरस, दीपावली एवं छठव्रत के दिन वन-वे कराया जाय, ताकि यातायात में कोई कठिनाई नहीं होने पाए। धर्मशाला रोड में नाला निर्माण हो रहा है, जिसके कारण आने-जाने में कठिनाई हो रही है। इसके साथ ही मोहल्ला कबीरगंज में तार टूट गया है, उसकी मरम्मती कराया जाय। बैठक में उपस्थित सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, नगर आयुक्त, नगर निगम, सासाराम एवं अन्य सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद / नगर पंचायतों से आगामी छठव्रत त्योहार 2025 के अवसर पर शांति एवं विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा छठ घाटों पर किए जाने वाले प्रशासनिक तैयारियों आदि के बारे में बिन्दुवार समीक्षा की गयी।
समीक्षोपरान्त जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास के द्वारा निम्नांकित बिन्दुओं पर अग्रेतर आवश्यक कार्रवाई करने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों को निदेशित किया गया। जो निम्नवत है:-
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि वैसे सभी छठ घाटों की सूची यथा । वैसे छठ घाट जिस पर 5000 तक के छठव्रतियों की भीड़ होती है।वैसे छठ घाट जिन पर 5000 से 10000 तक छठव्रतियों की भीड़ होती है।
वैसे छठ घाट जहां पर 10000 से अधिक छठव्रतियों की भीड़ होती है, की सूची तैयार करते हुए उसके अनुसार समुचित सुरक्षा व्यवस्था एवं वैकल्पिक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में वैसे सभी छठ घाटों जहां अधिक भीड़ होने की संभावना है, उन सभी घाटों का स्वयं भ्रमण कर सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों को करते हुए सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगें। संवेदनशील छठ घाटों पर यदि श्रद्धालुओं के द्वारा रात्रि विश्राम किया जाता है तो उनकी पूरी रात व्यक्तिगत रूप से ध्यान रखने हेतु उन सभी घाटों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल एवं महिला पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति अपने स्तर से करना सुनिश्चित करेंगें।सभी अनुमंडल पदाधिकारी को यह भी निदेश दिया गया कि सभी छठ घाटों के पूजा समितियों से समन्वय स्थापित करते हुए उनके द्वारा पब्लिक एड्रेस सिस्टम युक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित कराना तथा सभी छठ समितियों के लिए पहचान पत्र भी निर्गत कराना सुनिश्चित करेंगें। इसके साथ ही साथ सभी छठ घाटों का निरीक्षण करते हुए सभी आवश्यक सुविधाओं यथा- प्रकाश, साफ- सफाई, वस्त्र चेजिंग रुम, शौचालय आदि की व्यवस्था उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगें।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि छठ पर्व के अवसर पर नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य देने तक निजी वाहनों एवं अन्य वाहनों के आवागमन में सतत् निगरानी रखा जाय, ताकि छठ व्रतियों के रास्ते में किसी भी प्रकार के आने-जाने में कठिनाई नहीं हो। इसके लिए सभी छठ घाटों पर आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी एवं पुलिसबल, चौकीदार आदि की तैनाती करना सुनिश्चित करेंगें।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखों के गोदामों तथा उसके आस-पास बिक्री किए जाने दुकानों की छापामारी कर गृह विभाग के द्वारा निर्गत मार्गदर्शिका के अनुसार नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। तथा अवैध गोदामों / दुकानों के द्वारा नियम के विरुद्ध कार्य करने वाले के दुकानों / गोदामों पर छापामारी कर सील करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही साथ छठ घाटों पर बच्चों के द्वारा फोड़े जाने वाले पटाखों पर विशेष निगरानी एवं सर्तकता बरतना सुनिश्चित कराएंगे।
प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन, रोहतास को निदेश दिया गया कि जिले के सभी छठ घाटों पर आपदा प्रबंधन, विभाग, बिहार पटना के द्वारा निर्देशित मार्गदर्शिका के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था हेतु सभी जानकारियों को होर्डिंग, पोस्टरों एवं माईक के द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार निश्चित रुप से करवाना सुनिश्चित करेंगें। असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रोहतास, सासाराम को निदेश दिया गया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सा से संबंधित सभी सुविधाएं, चिकित्सकों एवं जलने से संबंधित दवाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करेंगें। इसके साथ ही साथ सभी प्रमुख घाटों पर चिकित्सा दलों एवं दवाईयों के साथ एक-एक एम्बुलेंस की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगें। सभी अंचल अधिकारियों को निदेश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत सभी नदी घाटों एवं तालाबों पर प्रशिक्षित गोताखोरों तैराकों एवं बोट चालकों की प्रतिनियुक्ति लाईफ जैकेट / इन्फ्लैटेबल मोटरबोट / देशी नाव (जहां उपलब्ध हो) आदि के साथ व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों एवं अंचल अधिकारियों को निदेश दिया गया कि रेलवे लाईन के पास सभी छठ घाटों की पहचान कर उन घाटों पर विशेष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही साथ रेलवे लाईन पार कर जाने वाले रास्तों को चिन्हित करते हुए उसके दोनों तरफ से बैरीकेटिंग कराते हुए उसी बैरिकेटिंग युक्त रास्ते से ही छठ व्रतियों एवं अन्य श्रद्धालुओं को आने-जाने दिया जाय तथा इसके अतिरिक्त नजदीक के रेलवे स्टेशन मास्टर से सम्पर्क कर ट्रेनों के आने-जाने वाले समय-सारणी को प्राप्त करते हुए उस समय पर विशेष निगरानी रखना सुनिश्चित करें।
अनुमंडल पदाधिकारी, डिहरी को निदेश दिया गया कि पिछले व्यवस्था के अनुसार इस वर्ष भी सोन नदी में आवश्यकतानुसार प्राईवेट नावों की प्रतिनियुक्ति कराया जाना सुनिश्चित करेंगें।सभी अंचल अधिकारियों एवं सभी कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद / नगर पंचायतों को निदेश दिया गया कि छठ घाटों पर जाने वाले रास्तों की मरम्मती का कार्य कराना सुनिश्चित करेंगें।सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों एवं अंचल अधिकारियों को निदेश दिया गया कि खतरनाक नदी घाटों / तालाबों को चिन्हित करते हुए उनका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा उनकी बैरिकेडिंग इस प्रकार की जाए कि लोग डुबकी न लगा सकें। सभी नदी घाटों / तालाबों पर सुरक्षाबल तथा अन्य स्वयं सेवकों की प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित कराएंगे।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, नगर आयुक्त, नगर निगम, सासाराम एवं सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सभी तालाबों / घाटों की साफ-सफाई तथा जिन घाटों पर अत्यधिक भीड-भाड़ होने की संभावना को देखते हुए ऐसे सभी छठ घाटों के किनारे एवं रास्तों में पर्याप्त रोशनी की सुरक्षित तरीके से व्यवस्था कराना सुनिश्चित करेंगें, ताकि किसी भी प्रकार के आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सकें।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति सासाराम एवं डिहरी को निदेश दिया गया कि बिजली के जितने भी लटके एवं लूज तार है, उसे अविलंब ठीक करवाना सुनिश्चित करें, ताकि विद्युत करंट से दुर्घटना न हो इसके लिए भी सभी आवश्यक तैयारियों को कराना सुनिश्चित करें। जिला अग्निशामन पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि अग्निशामक वाहनों एवं चालकों की अद्यतन सूची सभी अंचलाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। सभी अंचलाधिकारी को निदेशित किया गया कि संबंधित अग्निशमन चालक से समन्वय स्थापित कर वाहन को Ready Mode में अंचल / थाना में रखें। तथा अपना विभागीय मोबाइल नम्बर आम जनों को देना सुनिश्चित करें, ताकि उसका उपयोग आवश्कतानुसार/आपातकालीन की स्थिति में किया जा सके। शांति समिति के सदस्यों को निदेश दिया गया कि अपने-अपने छठ घाटों पर श्रद्धालुओ से बराबर अपील करते हुए सभी अभिभावक अपने-अपने छोटे-छोटे बच्चों का विशेष ध्यान दें, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घट सके। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराते रहें। शांति समिति के सदस्यों को निदेश दिया गया कि अपने-अपने छठ घाटों / मूर्ति स्थापना स्थलों पर किसी भी राजनैतिक दलों के पोस्टर / प्रचार आदि नहीं करना सुनिश्चित करें। इस संबंध में निर्वाचन आयोग से निर्गत आर्दश आचार संहिता के नियमों का अक्षरशः अनुपालन करना सुनिश्चित करें। यदि राजनैतिक दलों का पोस्टर/प्रचार प्रसार करना है तो उसके लिए सक्षम संचालनकर्ता / पदाधिकारियों से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही लगाना सुनिश्चित करें।


रिपोर्टर