महिला डीएम ने दीप प्रज्वलित कर स्वीप कोषांग का किया उद्घाटन


रोहतास ।जिले के प्रथम महिला जिला पदाधिकारी उदिता सिंह के द्वारा दीप प्रज्वलन करके बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के स्वीप कोषांग का उद्घाटन सासाराम के मल्टीपर्पस हॉल में किया गया, जिसमें स्वीप कोषांग के वरीय पदाधिकारी उप विकास आयुक्त सहित नोडल एवं जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी के द्वारा स्वीप कोषांग के उद्घाटन की तैयारी की सराहना की गयी। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी पर अपनी बात रखी। उन्होंने सभागार में बड़ी संख्या में आयीं महिलाओं का हौसला बढ़ाया और कहा कि पिछली बार महिला मतदान की जो प्रतिशत थी,पुरुषों के मुकाबले इस बार उसे जागरूकता अभियान से चरणबद्ध तरीके से सुधार किया जाएगा। सभी महिलाओं ने संकल्प लिया कि इस बार ज्यादा से ज्यादा महिला वोटर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा,जिससे महिलाओं का प्रतिशत पिछली बार की तुलना में और अधिक बढ़े। जिला पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि वैसे वोटर और महिलाएँ जो जाने में असमर्थ है, उनके लिए गाड़ी,अलग से महिलाओं की पंक्ति की व्यवस्था, वेटिंग रूम सहित गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि अपने मतदान का प्रयोग अवश्य करें और अपने अधिकार का हनन न् होने दें,क्योंकि मतदान करना हमारे अस्तित्व के लिए जरूरी है। आप सभी अपना वोट अपने विवेक और बुद्धि से जरूर करें। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतांत्रिक-व्यवस्था में वोट आपकी आवाज है। उन्होंने आम-अवाम से अपील किया कि लोगों से मिलकर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें ताकि वे मतदान में हिस्सा ले सकें। जिला पदाधिकारी ने कहा कि महिलाओं को केंद्र में रखकर यह चुनाव कराया जाए, जिससे महिलाओं की भागीदारी अधिक-से-अधिक सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि यह अभियान 11 नवंबर तक चलता अनवरत रहेगा। जिला पदाधिकारी ने जिले के स्वीप आइकन को पुरस्कृत किया, जिसमें ज्योति कुमारी राष्ट्रीय खिलाड़ी, शेखर चौरसिया दिव्यांगजन, राष्ट्रीय पैरा एथलीट एवं कला संस्कृति के महत्वपूर्ण हस्ताक्षर बिहार के पद्मश्री अशोक कुमार विश्वास शामिल रहे। उन्होंने रोहतास जिले के शुभंकर लिट्टी बाबू के रचनाकार हर्षित कुमार को चेक देकर सम्मानित किया। महिलाओं के द्वारा बनाए गए रंगोली से मतदान जागरूकता अभियान को काफी सराहा गया। जिला पदाधिकारी ने बिहार विधानसभा आम चुनाव के मतदान जागरूकता अभियान के तहत सेल्फी अभियान की भी शुरूआत की। कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी जनता से चुनाव शपथ बोलकर चुनावी महाकुंभ को सही दिशा देने का प्रयास किया। महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए शहर के जाने-माने महिला चिकित्सक डॉ. कीर्ति पाराशर ने जनता एवं महिलाओं को मतदान हेतु प्रेरित किया। इसी तरह अधिवक्ता प्रतिभा पल्लवी, राष्ट्रीय खिलाड़ी ज्योति कुमारी इत्यादि महिलाओं ने सबसे मतदान करने की अपील की।

लोक संगीत के माध्यम से कला-जत्था ग्रुप ने जागो रे जागो देश के मतदाता चुनाव गीत से लोगों का हौसला बढ़ाया। सभी ने यह संकल्प लिया कि वह शहर के विभिन्न जगहों पर लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट