भिवंडी निजामपुर मनपा द्वारा अभिजात मराठी भाषा सप्ताह का आयोजन,साहित्यकारों ने रखे विचार

भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की ओर से अभिजात मराठी भाषा सप्ताह का आयोजन किया गया। मराठी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और जनजागृति के उद्देश्य से राज्य सरकार ने 3 अक्टूबर को ‘अभिजात मराठी भाषा दिवस’ और 3 से 9 अक्टूबर तक ‘अभिजात मराठी भाषा सप्ताह’ मनाने का निर्देश दिया है।इसी के तहत भिवंडी निजामपुर मनपा के अभिजात मराठी भाषा सप्ताह का उद्घाटन 3 अक्टूबर 2025 को सुबह 12 बजे श्री मार्कंडेय महामुनी वाचनालय में अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के हस्ते दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मराठी भाषा के महत्व और उसके गौरवशाली इतिहास पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत 6 अक्टूबर को प्राध्यापक जगदीश संसारे का “साहित्याच्या प्रवाहात मराठीचा अभिजातपणा” विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। यह व्याख्यान मनपा के उपायुक्त विक्रम दराडे की उपस्थिति में संपन्न हुआ। मनपा के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में इस अवसर पर उपस्थित थे।मनपा की ओर से जानकारी दी गई कि 8 अक्टूबर को प्रसिद्ध कवि सतीश सोलांकुरकर के साहित्यिक प्रवास और गप्पांचा कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे स्वर्गीय विलासराव देशमुख सभागृह में किया जाएगा।भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) ने नागरिकों से इस कार्यक्रम में उपस्थित रहकर मराठी भाषा और साहित्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट