भिवंडी मनपा के प्रारूप प्रभाग रचना पर हरकतों की सुनवाई संपन्न
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 18, 2025
- 191 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका की आगामी सार्वत्रिक चुनाव प्रक्रिया में एक अहम कदम गुरुवार को पूरा हुआ। प्रारूप प्रभाग रचना को लेकर प्राप्त हरकतों और सुझावों पर सुनवाई संपन्न हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महानगर पालिका चुनाव 2025 के लिए कुल 84 हरकतें और सुझाव प्रशासन के पास दर्ज हुए थे। इनकी सुनवाई के लिए राज्य सरकार ने मिरा-भाईंदर महानगरपालिका के प्रशासक एवं आयुक्त राधाबिनोद शर्मा (भा.प्र.से.) को प्राधिकृत किया था। आज 18 सितंबर को हुई इस सुनवाई में शर्मा की अध्यक्षता में भिवंडी-निजामपुर मनपा के प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) भी उपस्थित रहे। सुनवाई के दौरान कुल 68 हरकतदार व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहे। सभी 84 हरकतों और सुझावों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई और कार्यवाही पूरी की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस सुनवाई का संपूर्ण प्रतिवेदन अब ठाणे जिल्हाधिकारी और राज्य सरकार के माध्यम से राज्य चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। आगे की कार्यवाही उसी आधार पर की जाएगी।भिवंडी-निजामपुर मनपा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और नागरिकों की निगाहें अब राज्य चुनाव आयोग के निर्णय पर टिकी हुई हैं। चुनावी प्रक्रिया में प्रभाग रचना को सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है, जिसके आधार पर ही आगे की रणनीति तय होती है।


रिपोर्टर