भिवंडी में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी मोड़, बाप-बेटे पर केस दर्ज
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 11, 2025
- 217 views
भिवंडी। शहर के शांतिनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। पारिवारिक विवाद में पिता और छोटे बेटे पर ही बड़े बेटे की जान लेने की कोशिश का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अजिज अहमद शेख (50) और उसका बेटा सईद अजिज अहमद शेख (30) ने मिलकर शाहिद अहमद शेख पर हमला किया,विवाद इतना बढ़ा कि पहले पिता ने शाहिद को जोरदार घूंसा मारा और फिर छोटे भाई सईद ने धारदार हथियार से शाहिद के पैर और गर्दन पर वार कर दिए। यही नहीं, इसके बाद उसे लाठियों से भी बेरहमी से पीटा गया।गंभीर रूप से घायल शाहिद को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पिता और भाई न तो उसकी मदद करते थे और न ही सम्मान देते थे। हमेशा उसे अपमानित किया जाता था, जिससे झगड़ा बढ़कर खून-खराबे तक पहुंच गया। शांतिनगर पुलिस ने अजिज और सईद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1), 117(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, अब तक दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।


रिपोर्टर