सिद्धेश्वरी मंदिर जाने वाली सड़क पर गड्ढों से राहगीरों को हो रही भारी परेशानी
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Sep 05, 2025
- 113 views
सिधौना/मेहनाजपु । आजमगढ सिद्धेश्वरी मंदिर तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सिधौना बाज़ार से लेकर मंदिर तक की सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बरसात के मौसम में ये गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे सड़क और गड्ढे का फर्क तक समझना मुश्किल हो जाता है।
मंदिर के पुजारी राजा मौर्य और समाजसेवी वैभव सिंह हैप्पी ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे बारिश के समय पूरी तरह पानी से भर जाते हैं, जिससे भक्तों और राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। पैदल चलना, दोपहिया या चारपहिया वाहन से गुजरना बेहद कठिन हो जाता है। कीचड़ और गंदे पानी से लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यह सड़क कई गांवों को जोड़ती है, इसलिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका उपयोग करते हैं। एमएलसी प्रतिनिधि अनुराग तिवारी का कहना है कि रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि पानी भरने से गड्ढों का पता ही नहीं चलता। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि जनता को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।


रिपोर्टर