ब्रह्माकुमारी बहनों ने किन्नरों संग मनाया रक्षाबंधन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 09, 2025
- 62 views
रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम के गौरक्षणी स्थित ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में रक्षाबंधन का पर्व इस बार विशेष रूप से किन्नर समुदाय के साथ मनाया गया। संस्थान की बहनों ने किन्नरों को राखी बांधते हुए इस त्योहार के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन केवल एक रस्म नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है।
निर्मल धाम, निर्मल सरोवर तेतरी में आयोजित इस कार्यक्रम में किन्नर समाज को विशेष आमंत्रण दिया गया था। यहां आध्यात्मिक ज्ञान के साथ परमात्मा का शिव संदेश साझा किया गया और रक्षा सूत्र के माध्यम से भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का महत्व समझाया गया।
किन्नर समुदाय की चंदा ने खुशी जताते हुए कहा कि राखी का उनके जीवन में विशेष महत्व है, और संस्थान की बहनों द्वारा यह प्रेम पाकर वे अत्यंत प्रसन्न हैं।
अन्य किन्नरों ने भी कहा कि उन्हें ऐसा स्नेह और सम्मान देकर संस्था ने उनके जीवन में एक यादगार पल जोड़ दिया है। उन्होंने यह भी साझा किया कि सच्चा सुख केवल परमात्मा की शरण में है और हर व्यक्ति को भक्ति भाव से जुड़े रहना चाहिए। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की सदस्य बबीता कुमार भी उपस्थित रहीं।


रिपोर्टर