भिवंडी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और शोषण

युवती हुई गर्भवती,8 लोगों पर केस दर्ज

भिवंडी। भिवंडी के शांतिनगर पुलिस थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग घरेलू सहायिका के साथ सात दोस्तों ने बार-बार सामूहिक दुष्कर्म किया, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सात नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जिनमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। एक फरार महिला, जो आरोपियों की मां बताई जा रही है, की तलाश जारी है। इस घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है।

शांतिनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ ने बताया कि शहर के एक क्षेत्र में एक महिला ने 15 वर्षीय पीड़िता को अपने घर में काम पर रखा था, जबकि उन्हें पता था कि नाबालिग से काम करवाना कानूनन अपराध है। पुलिस के अनुसार मकान मालकिन का नाबालिग बेटा अप्रैल 2024 से 22 मई 2025 के बीच घर में ही पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद, 25 मई 2025 की रात लगभग 10 बजे दो अन्य लोग उसे एक झोपड़ी में ले गए। वहां पर पहले से मौजूद एक अन्य युवक ने झोपड़ी का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जबकि अंदर लोगों ने पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।इसके बाद 30 मई 2025 को रात 11 बजे पांच लोगों ने पीड़िता को पकड़ लिया और उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें करते हुए उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। बार-बार हुए शारीरिक शोषण के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गायकवाड़ ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस ने 4 जुलाई 2025 की रात को एफआईआर नंबर 799/2025, भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1),64(2)(एम),65(1),70(2),74,75,3(5) साथ ही पॉक्सो एक्ट की धाराएं 4, 6, 8, 12 और बाल श्रम कानून अधिनियम 1986 की धारा 14 के तहत 8 आरोपियों पर मामला दर्ज किया है। इन आठ आरोपियों में सात नाबालिग बच्चे और एक उनकी मां शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी कर सभी सातों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को बाल अदालत ने सभी 7 आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया है। फरार महिला की तलाश के लिए पुलिस शहर में जगह-जगह दबिश दे रही है। इस घटना के सामने आने से शहर में हड़कंप मच गया है। पुलिस निरीक्षक अतुल अडुरकर इस घटना की जांच कर रहे है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट