2.12 करोड़ एमडी ड्रग्स जब्ती प्रकरण में बड़ी कामयाबी: मुख्य फरार आरोपी हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Jul 03, 2025
- 104 views
कल्याण। मानपाड़ा पुलिस ठाणे ने डाउन टाउन व खोनी पलावा परिसर से 1.93 किलो मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स जब्ती की थी जिसकी कीमत 2.12 करोड़ रुपये थी इस ड्रग्स के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम मोहम्मद रहीम सलीम शेख उर्फ फरान है, जो लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और विदेश भागने की फिराक में था ।
गौरतलब है कि 27 जून को मानपाड़ा पुलिस ठाणे के अंतर्गत डाउन टाउन व खोनी पलावा परिसर में छापेमारी कर 2.12 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद की गई थी इस मामले में मनपाड़ा पुलिस ने 1985 की धारा 8(क), 21(क) और 22(क) के तहत मामला दर्ज किया था। इस कार्रवाई में मानपाड़ा पुलिस ने असील जाबिर सुर्वे, मोहम्मद इसा मोहम्मद हनीस कुरैशी व मेहेर फातिमा रिजवान देवजानी को गिरफ्तार कर लिया था जबकि मुख्य आरोपी मोहम्मद रहीम सलीम शेख उर्फ फरान घटनास्थल से फरार हो गया था।
मनपाड़ा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फरार आरोपी मोहम्मद रहीम सलीम शेख विदेश भागने की फिराक में है। उसी आधार पर 29 जून को उसे हैदराबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 7 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ड्रग्स की तस्करी कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्क फैला रहा था। अब पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपी या नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। अपर पुलिस आयुक्त संजय जाधव, परिमंडल तीन पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे, डोम्बिवली सहायक पुलिस आयुक्त सुहास हेमाडे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीपान शिंदे, पुलिस निरीक्षक (गुन्हे) राम चोपड़े, सहायक निरीक्षक कलगोंडा पाटिल, संपत फडोल, महेश राळभात, सागर चव्हाण, पुलिस शिपाही मीननाथ बडे व किशोर दिघे ने कार्यवाई को अंजाम दिया ।


रिपोर्टर