सड़कों पर ''गड्डा राज'', जनता बेहाल करोड़ों की मरम्मत फिर भी हालत बदतर

‌भिवंडी। भिवंडी के कल्याण नाका से लेकर धामणकर नाका, भिवंडी बस डिपो तक का मार्ग इन दिनों खस्ताहाल हो चुका है। सड़कें गायब हैं और उनकी जगह दर्जनों नहीं, बल्कि हजारों की संख्या में गड्ढों ने ले ली है। बरसात की शुरुआत के साथ ही इन गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे हादसों का खतरा और अधिक बढ़ गया है। दोपहिया वाहन चालक खास तौर पर इस मार्ग पर अपनी जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर है। बताया जा रहा है कि मानसून पूर्व सड़क मरम्मत के लिए भिवंडी मनपा ने करोड़ों रुपये के ठेके जारी किए थे। ठेकेदारों ने मरम्मत कार्य पूरा करने का दावा भी किया, लेकिन सड़क की जो हालत आज है, उससे सवाल उठता है कि क्या वह मरम्मत सिर्फ कागज़ों पर ही हुई? स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि घटिया गुणवत्ता वाली सामग्री से औपचारिकता पूरी की गई, जिससे एक हल्की बरसात में ही पूरी सड़क उखड़ गई।

सबसे गंभीर बात यह है कि इस स्थिति की जानकारी नगर प्रशासन को भी है, लेकिन फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। भिवंडी मनपा के मुख्य अभियंता जमील पटेल की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। उनकी चुप्पी को लेकर नागरिकों में आक्रोश है। यह वही अधिकारी हैं जिनकी निगरानी में सड़क मरम्मत का ठेका जारी हुआ था। अब जब सड़कें बदहाल हैं, तो वे न तो जवाब दे रहे हैं और न ही मौके पर कोई कार्रवाई हो रही है। राजनेता भी इस मुद्दे को लेकर सिर्फ राजनीति तक सीमित हैं। कभी प्रेस कॉन्फ्रेंस, तो कभी सोशल मीडिया पोस्ट – लेकिन ज़मीन पर कोई ठोस पहल नहीं हो रही। नागरिकों का कहना है कि हर साल गड्ढों पर राजनीति होती है, लेकिन कोई भी नेता या अधिकारी स्थायी समाधान की दिशा में काम नहीं करता। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तत्काल प्रभाव से गुणवत्तायुक्त मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। साथ ही जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। नागरिकों का कहना है कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो वे जनआंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। हालांकि शहर के वाट्शाप व फेसबुक पर नागरिकों ने इन गड्ढों का शाॅट विडियो बनाकर डालना शुरू कर दिया है। ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल किये जा रहे हैं। शहर की ये सड़कें सिर्फ एक शहरी समस्या नहीं रह गई हैं, यह अब प्रशासनिक असंवेदनशीलता और जवाबदेही की कमी का प्रतीक बन चुकी हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट