रोहतास पुलिस ने चौकीदार पुत्र हत्याकांड का किया सनसनीखेज खुलासा


रोहतास। जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के चोरकप गांव में हुए अभिनंदन पासवान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई और पहली पत्नी सहित कुल पाँच लोगों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की साजिश मृतक के भाई अभिमन्यु और पहली पत्नी रविता देवी ने मिलकर रची थी, दोनों के बीच अवैध संबंध का मामला सामने आया है।


क्या था मामला:

पुलिस अधीक्षक रोहतास ने बताया कि मृतक अभिनंदन पासवान को उसके ही भाई अभिमन्यु कुमार और पहली पत्नी रविता देवी ने रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। इन दोनों के बीच अवैध संबंध थे, जिसकी भनक मृतक को लग गई थी। इसी कारण वह अपने भाई की शादी करवाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अभिमन्यु शादी नहीं करना चाहता था। इससे नाराज होकर दोनों ने मिलकर 2 लाख रुपये की सुपारी में हत्या करवा दी।


ऐसे दी गई सुपारी:

हत्या की साजिश के तहत निखिल कुमार को माध्यम बनाकर सुपारी किलर अंकित कुमार शर्मा और विकास कुमार साह उर्फ रतन साह से संपर्क किया गया। इन्हें 20 हजार रुपये एडवांस भी दिया गया था।


कैसे दी गई घटना को अंजाम:

घटना 4 मई 2025 की रात की है। तीनों आरोपी निखिल के घर पहुंचे, जहां उन्हें एक अल्टो कार में छिपाकर रखा गया। रात लगभग 2:30 बजे जब घर में सब सो गए, तो इन लोगों ने अभिनंदन पासवान को गोली मार दी और अंकित की बाइक से मौके से फरार हो गए।


बरामद सामान:

पुलिस ने इस कांड में प्रयोग की गई एक देशी कट्टा, एक अल्टो कार, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।


गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:


निखिल कुमार, चोरकप


अंकित कुमार शर्मा, इटमा, काराकाट


विकास कुमार साह उर्फ रतन साह, इटमा, काराकाट


अभिमन्यु पासवान, चोरकप


रविता देवी, चोरकप


आपराधिक इतिहास:

गिरफ्तार अभियुक्त विकास कुमार पूर्व में भी एक हत्या के मामले में शामिल रह चुका है, जबकि निखिल कुमार पर चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज है।


पुलिस टीम को मिलेगा इनाम:

इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड का सफलतापूर्वक उद्भेदन करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट