भिवंडी के रिमांड होम से 15 वर्षीय किशोरी रहस्यमय तरीके से लापता

अपहरण की आशंका में मामला दर्ज

भिवंडी।  शहर के मध्य स्थित बाल सुधार गृह (रिमांड होम) से एक 15 वर्षीय किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने की घटना ने सभी को चौंका दिया है। यह मामला सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। किशोरी की गुमशुदगी को लेकर शांतिनगर पुलिस थाने में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है, और पुलिस जांच में जुट गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाल सुधार गृह में कार्यरत उज्ज्वला प्रफुल भदाणे ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 5 मई 2025 की दोपहर करीब 2:50 बजे किशोरी जुलेखा एहसान खान, जो सुधार गृह में रह रही थी, क्लास के लिए ले जाते समय अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई पता नहीं चला, तब यह मामला पुलिस को सौंपा गया।शांतिनगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के अंतर्गत अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। किशोरी की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है, और पुलिस उसकी तलाश में हर संभावित पहलू की जांच कर रही है। रिमांड होम जैसे संरक्षित स्थान से नाबालिग किशोरी का इस तरह लापता हो जाना प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है। इस घटना के बाद रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने घटना पर चिंता जताते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द लड़की को ढूंढ निकालने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट