छत का प्लास्टर गिरने से मासूम की मौत, 10 दिन बाद हुआ खुलासा

भिवंडी।  भिवंडी के नागाव इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक इमारत के ग्राउंड फ्लोर के कमरे की छत का प्लास्टर गिरने से महज छह महीने के मासूम की मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह हादसा 17 मार्च को हुआ था, लेकिन 10 दिन तक इसकी जानकारी न प्रशासन को थी और न ही स्थानीय लोगों को। नागांव इलाके में स्थित अंसारी अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर शमीम अंसारी अपने परिवार के साथ किराए पर रहते थे। घटना के वक्त शमीम की पत्नी शमा परवीन और उनका छह महीने का बेटा शोएब कमरे में पलंग पर सोए हुए थे। अचानक छत का प्लास्टर गिर पड़ा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार ने तुरंत दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान मासूम शोएब की मौत हो गई, जबकि मां शमा परवीन अब भी घायल हैं। इस दर्दनाक घटना ने भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र में पुरानी, जर्जर और अवैध इमारतों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है।

शांतीनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनायक गायकवाड़ ने बताया कि यह एक दुर्घटना थी और किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई, इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस हादसे की जानकारी न तो महानगरपालिका के आपदा प्रबंधन विभाग को थी और न ही स्थानीय प्रभाग समिति को। इस घटना के बाद भिवंडी की जर्जर इमारतों की सुरक्षा और नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। यदि समय रहते प्रशासन कोई ठोस कदम उठाए, तो भविष्य में इस तरह की त्रासदियों से बचा जा सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट