समूह में काम करने की जरूरत: संदीप पारोलेकर

भिवंडी। आज के आधुनिक सूचना और तकनीकी युग में पत्रकारिता का स्वरूप काफी बदल चुका है, जिससे नए करियर की कई संभावनाएं भी उभर रही हैं। ऐसे समय में पत्रकारों को एक समूह की तरह काम करने की आवश्यकता है। ज्ञान की साझेदारी करके और अपने ज्ञान को समृद्ध बनाकर ही हम पाठकों को बेहतर जानकारी प्रदान कर सकते हैं। यह विचार टाइम्स नाऊ की डिजिटल संस्करण के संपादक संदीप पारोलेकर ने व्यक्त किए। वे पद्मश्री अण्णासाहेब जाधव भारतीय समाज उन्नति मंडल संचालित बी.एन.एन. महाविद्यालय के मास मीडिया विभाग द्वारा आयोजित मराठी पत्रकार दिवस और दर्पण दिवस कार्यक्रम में बोल रहे थे।

इस अवसर पर संस्थान के सचिव आर.एन. पिंजारी, प्राचार्य डॉ. अशोक वाघ, उपप्राचार्य डॉ.सुधीर निकम, पर्यवेक्षक मनोहर महाले, प्रो.सुरेश अहिरे, प्रो. रागीब मोमिन, प्रो. शिवम भानुशाली और अन्य शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। संदीप पारोलेकर ने कहा कि आज के समय में पत्रकारों को खबरों के मूल्य को पहचानकर उनका प्रकाशन करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पहले की पत्रकारिता और आज की पत्रकारिता के बीच बड़ा अंतर है और इस दूरी को पाटने की चुनौती वर्तमान पत्रकारों के सामने है। संस्थान के सचिव आर.एन. पिंजारी ने भी पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारों को समाज को जागरूक बनाने के लिए अपने कर्तव्यों को समझकर काम करना चाहिए।कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए फोटोग्राफी और रील्स मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजयी छात्रों को मान्यवरों के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रस्तावना डॉ. सुधीर निकम ने किया, जबकि संचालन डॉ. बाळासाहेब पगारे ने संभाला। अतिथियों का परिचय प्रो. अंकुश चव्हाण ने दिया और अंत में आभार प्रदर्शन प्रो. गणेश पानझाडे ने किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट