भलुनी धाम : अपराधियों को सख़्त दंड मिले, सेवा-पूजा परंपरा की गरिमा अक्षुण्ण रहे
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 25, 2026
- 4 views
सुरक्षा और प्रबंधन में सुधार के नाम पर धार्मिक-आध्यात्मिक परंपराओं एवं आंतरिक व्यवस्था में अनावश्यक हस्तक्षेप उचित नहीं : प्रमोद कुमार पांडेय
भलुनी धाम (दिनारा, रोहतास)।आदिशक्ति माई यक्षिणी के पावन सिद्धपीठ भलुनी धाम में आभूषणों की चोरी की घटना को असह्य एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भलुनी धाम निवासी वरिष्ठ लेखक, संस्कृतिकर्मी एवं बुद्धिजीवी प्रमोद कुमार पांडेय ने इसकी निष्पक्ष, त्वरित, पारदर्शी और साक्ष्य-आधारित जाँच, आभूषणों की शीघ्र बरामदगी तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि लोक-आस्था और सामूहिक धार्मिक-आध्यात्मिक चेतना को गहराई से आहत करने वाला संवेदनशील प्रसंग है।
श्री पांडेय ने कहा, ‘‘न्यायार्थ अपने बंधु को भी दंड देना धर्म है। अपराधी अथवा षड्यंत्रकारी कोई भी हो, अपना हो या पराया, कानून से न बच पाए। किंतु किसी निर्दोष व्यक्ति अथवा समूचे समाज विशेष को बिना प्रमाण आरोपों और संदेह के घेरे में खड़ा करना भी न्याय नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि किसी आपराधिक घटना की जाँच, मंदिर की सुरक्षा एवं प्रबंधन में आवश्यक सुधार और उसकी पीढ़ियों पुरानी धार्मिक-आध्यात्मिक परंपराओं का संचालन अलग-अलग विषय हैं। भलुनी धाम की पीढ़ीगत सेवायत परंपरा, शताधिक पंडा परिवारों की सामूहिक सहभागिता, पारंपरिक पारी-व्यवस्था तथा अपने-अपने यजमानों तथा श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना कराने की स्थापित स्वतंत्रता इस सिद्धपीठ की विशिष्ट धार्मिक-आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान है।
ये परंपराएं केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पीढ़ियों की सेवा-साधना, लोकविश्वास और धार्मिक - सांस्कृतिक स्मृति की जीवंत धरोहर हैं।
परंपरा का सम्मान सुधार का विरोध नहीं
श्री पांडेय ने कहा कि परंपरा का सम्मान सुधार का विरोध नहीं है और सुधार का अर्थ परंपरा का विस्थापन भी नहीं होना चाहिए। मंदिर के प्रबंधन, सुरक्षा अथवा सेवा-व्यवस्था में कोई कमी है तो उसका विधिसम्मत, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण सुधार अवश्य हो। इसके लिए परंपरागत सेवायत परिवारों और मंदिर प्रबंधन से जुड़े पक्षों को अपनी आंतरिक व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने का समुचित अवसर दिया जाना चाहिए।
किंतु किसी आपराधिक घटना को आधार बनाकर मंदिर को प्रशासनिक नियंत्रण में लेने अथवा उसकी पारंपरिक सेवायत व्यवस्था में मूलभूत परिवर्तन का कोई प्रस्ताव हो, तो उसके स्पष्ट विधिक आधार, औचित्य, आवश्यकता और आनुपातिकता पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।
किसी व्यक्ति के अपराध अथवा किसी प्रबंधकीय भूल - गलती के आधार पर समूची धार्मिक परंपरा का पुनर्निर्धारण उचित नहीं होगा।
संवैधानिक मर्यादा और धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान आवश्यक
श्री पांडेय ने कहा कि हमारे संविधान में धार्मिक स्वतंत्रता तथा निर्धारित संवैधानिक शर्तों के अधीन धार्मिक मामलों के प्रबंधन से संबंधित अधिकारों को मान्यता देते हैं। वहीं, सार्वजनिक व्यवस्था और धर्म से संबद्ध लौकिक गतिविधियों के विधिसम्मत विनियमन की भी गुंजाइश है।
इसलिए धार्मिक परंपराओं के संचालन और लौकिक प्रशासनिक व्यवस्था के बीच अंतर को समझना आवश्यक है।
किसी भी प्रशासनिक निर्णय में संवैधानिक मर्यादा, स्थापित धार्मिक परंपराओं, संबंधित पक्षों के वैधानिक अधिकारों और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का समुचित सम्मान होना चाहिए।
मुख्यमंत्री एवं शासन-प्रशासन से आग्रह
श्री पांडेय ने बिहार के माननीय मुख्यमंत्री, शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि भलुनी धाम क्षेत्र एवं यक्षिणी देवी मंदिर की स्थायी और प्रभावी सुरक्षा, मंदिर की संपत्ति का संरक्षण तथा आवश्यक व्यवस्थापन जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। किंतु सुरक्षा और प्रबंधन में सुधार के नाम पर मंदिर की प्राचीन सेवा-पूजा परंपरा एवं आंतरिक धार्मिक व्यवस्था में अनावश्यक, असंगत अथवा पूर्वाग्रहपूर्ण हस्तक्षेप न हो।
उन्होंने कहा कि किसी भी निर्णय से पूर्व सभी संबंधित पंडा परिवारों, परंपरागत सेवायतों, मंदिर प्रबंधन से जुड़े पक्षों और श्रद्धालु समाज को विश्वास में लिया जाए।
उन्हें अपना पक्ष रखने का समुचित अवसर मिले तथा संवाद, सहभागिता और विधिसम्मत प्रक्रिया के माध्यम से समाधान निकाला जाए।
भलुनी धाम केवल एक मंदिर परिसर नहीं, बल्कि सदियों की आस्था, साधना, सेवा और लोकमंगल की अविच्छिन्न परंपरा का केंद्र है। इसकी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना राज्य का महत्वपूर्ण दायित्व है, वहीं इसकी धार्मिक-आध्यात्मिक गरिमा एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण शासन-प्रशासन और समाज की साझा जिम्मेदारी है।
श्री पांडेय ने स्पष्ट किया कि उनका यह आग्रह किसी व्यक्ति, समाज, संस्था अथवा राजनीतिक पक्ष के समर्थन या विरोध का नहीं, बल्कि तथ्य, सत्य, न्याय, संवैधानिक विवेक, धार्मिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक निरंतरता के पक्ष में एक सिद्धांतगत सार्वजनिक हस्तक्षेप है।
उन्होंने कहा, ‘‘भलुनी धाम क्षेत्र और मंदिर की सुरक्षा के लिए राज्य का सहयोग चाहिए, पीढ़ियों पुरानी सेवा-पूजा परंपरा का विस्थापन नहीं। कानून - व्यवस्था अपना काम करे, प्रशासन अपने वैधानिक दायित्वों का निर्वहन करे और मंदिर की प्राचीन धार्मिक-आध्यात्मिक परंपराओं की मौलिकता एवं गरिमा सुरक्षित रहे।’’
‘‘अपराधियों को दंड, निर्दोषों को न्याय, व्यवस्था में विवेकपूर्ण सुधार और परंपरा को सम्मान--यही मेरा स्पष्ट और निष्पक्ष सार्वजनिक आग्रह है। माई यक्षिणी के पावन धाम की महिमा, गरिमा और धार्मिक-आध्यात्मिक स्वायत्तता अक्षुण्ण रहे।’’


रिपोर्टर