कुदरा में दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, दो घायल; हालत नाजुक होने पर रेफर

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट

कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा गुडुरा और बेलभद्रा गांव के बीच हुआ, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि दोनों बाइक सवार ट्रैक्टर को ओवरटेक कर आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइक आमने-सामने आ गईं और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कुदरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए कुदरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।


घायलों की पहचान कुदरा थाना क्षेत्र के गुडुरा गांव निवासी परमानंद सिंह, पिता कामता सिंह, और रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के गजराढ़ी गांव निवासी विकास कुमार, पिता श्याम सुंदर खरवार के रूप में हुई है।

पीएचसी में डॉक्टरों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। लेकिन दोनों की हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल कुदरा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट