सड़क किनारे उगी झाड़ियां बनी परेशानी का सबब मोड़ पर सामने से नहीं दिखते वाहन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 24, 2026
- 17 views
रोहतास ।जिले के बिक्रमगंज क्षेत्र की ग्रामीण सड़कों पर सड़क किनारे उगे पेड़ और घनी झाड़ियों की कटाई-छंटाई नहीं होने से वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ती जा रही है। कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं और झाड़ियां सड़क की ओर फैल गई हैं, जिसके कारण खासकर मोड़ वाले स्थानों पर सामने से आने वाले वाहन आसानी से दिखाई नहीं देते। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पटेल कॉलेज से सेमरा, योगेयया, माधोपुर, परसा होते हुए औराई तक जाने वाली सड़क के दोनों किनारों पर कई जगह पेड़ और झाड़ियां काफी घनी हो गई हैं। सड़क के घुमावदार हिस्सों में इनकी वजह से सामने से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को पर्याप्त दूरी से वाहन दिखाई नहीं देता। ऐसी स्थिति में अचानक आमने-सामने वाहन आने पर दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों से आवागमन करते हैं। सड़क किनारे उगी झाड़ियों और पेड़ों की शाखाओं की नियमित कटाई-छंटाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर दृश्यता प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि पटेल कॉलेज से औराई तक सड़क के दोनों किनारों का निरीक्षण कर पेड़ों की शाखाओं और घनी झाड़ियों की जल्द कटाई-छंटाई कराई जाए, ताकि मोड़ पर वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन स्पष्ट रूप से दिखाई दें और सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते इस समस्या का समाधान करना जरूरी है, ताकि सड़क पर किसी अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।


रिपोर्टर