जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रबंधन समिति की हुई बैठक

 ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर----- जिलाधिकारी प्रतिभा रानी आज गांव बिसाही स्थित पी एम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय शिवहर का दौरा कर विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक की अध्यक्षता की। 

इस दौरान डीएम प्रतिभा रानी ने कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। बैठक में खेल का मैदान में एवं अन्य गहरे स्थानों में मिट्टी भराई एवं पेवर ब्लाॅक ईंट लगवाना,क्लास रूम का निर्माण, 25 के वी का जेनरेटर, शहरी फीडर से विद्युतापूर्ति, दो टी वी सेट, विद्यालय की जर्जर सड़क का निर्माण, डाक्टर का नियमित भ्रमण ,कन्या छात्रावास के लिए चार दिवारी का निर्माण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित फॉगिंग ,छात्रावासों में चापाकल लगवाना, नल जल कनेक्शन से विद्यालय को जोड़ना, नये वाटर कूलर की व्यवस्था करना, पुस्तकालय, स्टाफ रूम एवं स्मार्ट क्लास रूम में ए सी लगाने जैसी मांग विद्यालय प्रबंधन की ओर से की गई।

 कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान, परिचय एवं बच्चों द्वारा तिलक लगाकर किया गया। जिलाधीश का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य विजय कुमार ने किया। अनीता सिंह और प्रियंका पांडे ने डीएम एव पूनम को शाॅल एवं पाग पहनाया गया।

 कार्यक्रम में पी पी टी के जरिए विद्यालय की उपलब्धि को अमित वाजपेयी एवं प्रियंका पांडे ने बखूबी प्रस्तुत किया। 

जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने चापाकल लगवाने,शहरी फीडर से विद्यालय में विद्युत आपूर्ति बहाल करने,स्कूल की आंतरिक सड़क की मरम्मत कराने का आदेश संबंधित विभाग को दिया। क्लास रूम बनवाने और खेल के मैदान के निर्माण कराने का भी भरोसा दिलाया।

 बैठक में भाग ले रहे जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव को जे एन वि एस टी का प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय से दस-दस फार्म भराने का आदेश भी दिया। इसपर डी ई ओ श्री प्रसाद ने कहा कि शनिवार को इस निमित्त प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की बैठक बुलाई गई है ।तीन हज़ार फार्म भराने के लक्ष्य को 31 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। 

इसपर डीएम ने डी ई ओ दस प्रतिशत अधिक फार्म भराने का निर्देश दिया जिसे शिक्षा पदाधिकारी ने मान लिया। 

जिलाधीश ने जवाहर नवोदय विद्यालय शिवहर के मेस का भ्रमण कर भोजन किया और कहा कि यहाँ का भोजन उत्कृष्ट श्रेणी का है। 

बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रेम सागर मिश्र ,कार्यपालक अभियंता उपेन्द्र सिंह, बीडीओ विशाल आनंद ,केन्द्रीय विद्यालय शिवहर के प्राचार्य श्री जे के पांडे ने बतौर वी एम सी सदस्य के तौर पर भाग लिया।

धन्यवाद ज्ञापन करते हुए वरिष्ठ अध्यापक श्री डी एन सिंहा ने कहा कि वर्षो बाद विद्यालय में इस तरह का कोई कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इससे विद्यालय के विकास में और गति मिलेगी। 

 इस मौके पर नवोदय विद्यालय के स्टाफ व विद्यार्थियों में खुशियों का माहौल देखा गया। जिलाधीश ने साफ-सफाई प्रतियोगिता में अव्वल आए शिवालिक जूनियर छात्र सदन और सीनियर कन्या छात्रावास को शील्ड देकर सम्मानित किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट