कैमूर में कंटेनर से 32 मवेशी बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 23, 2026
- 18 views
रुपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
मोहनियां (कैमूर):-- जिले के मोहनिया थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह समेकित चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 32 मवेशियों को बरामद किया। इस दौरान तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर कंटेनर को भी जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
कंटेनर औरंगाबाद जिले के बारुण से उत्तर प्रदेश के कौशांबी जा रहा था। चेकपोस्ट पर वाहन को रोकने का प्रयास करने पर चालक सहित उसमें सवार तस्कर कंटेनर छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कंटेनर के ऊपरी हिस्से में बने एक गुप्त तहखाने से दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। कंटेनर में 32 मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रांची (झारखंड) के कातमकुल्ली निवासी अबू रेहान अंसारी, उत्तर प्रदेश के कौशांबी निवासी मोनू यादव और रोहतास जिले के मुरादाबाद निवासी कामिल सजर के रूप में हुई है।
बरामद सभी मवेशियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिम्मेनामा पर मेला संचालक को सौंप दिया गया है।
मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने पुष्टि की कि कंटेनर से 32 मवेशी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।


रिपोर्टर