अरवल में डॉक्टर पर हमले के विरोध में दुर्गावती सीएचसी की ओपीडी बंद इमरजेंसी सेवाएं रहीं जारी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 22, 2026
- 16 views
संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)------- अरवल सदर अस्पताल में चिकित्सक पर हुए हमले के विरोध की गूंज बुधवार को दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भी सुनाई दी। बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर सीएचसी के चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने विरोधस्वरूप ओपीडी सेवाओं का बहिष्कार किया। हालांकि, गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए इमरजेंसी सेवाओं का संचालन सामान्य रूप से जारी रखा गया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान चिकित्सकों ने अस्पतालों में बढ़ रही हिंसक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अरवल की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कानून लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण के बिना बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना कठिन है। इस अवसर पर प्रभारी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संगीता सिन्हा, स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष श्रीवास्तव सहित सीएचसी के कई चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर