डीएम ने काराकाट एवं राजपुर प्रखंड का औचक निरीक्षण किए


रोहतास।जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्र द्वारा राजपुर एवं काराकाट प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गयी। 


निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


अंचल के निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन, ई-मापी, भूमि अभिलेखों के अद्यतन, ऑनलाइन आवेदन निष्पादन तथा निवास, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी राजस्व कर्मचारी एवं राजस्व पदाधिकारी के स्तर पर लंबित आवेदनों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं ई-मापी जैसे राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब से आम नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जिला पदाधिकारी ने राजपुर अंचल के मामलों निष्पादन पर संतोष जाहिर किया, जबकि काराकाट अंचल में मामलों के निष्पादन की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए दो दिन के भीतर निष्पादन का निर्देश दिया। इसे लेकर शनिवार को बैठक भी आयोजित की जाएगी।


उन्होंने कहा कि राशन कार्ड बनाने को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है निवास। ऐसे में निवास, आय आदि प्रमाण पत्र बनाने में देरी की शिकायत नहीं आनी चाहिए। इस क्रम में जिला पदाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र परिवारों का राशन कार्ड अब तक नहीं बना है अथवा जिनके राशन कार्ड में किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र आवेदन करें और सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं।


निरीक्षण के क्रम में स्थानीय लोगों द्वारा विभिन्न समस्याओं की ओर जिला पदाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया गया, जिनके त्वरित एवं समुचित समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट