शिवहर पुलिस का 'नया सवेरा 3.0' अभियानः मानव तस्करी, बाल श्रम रोकने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 21, 2026
- 21 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर---- पुलिस ने 'नया सवेरा 3.0' अभियान के तहत मानव तस्करी और बाल श्रम की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम तरियानी थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर शिवहर पुलिस और सवेरा स्वयंसेवी संगठन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने की। इसमें स्थानीय होटल, दुकानदार, ईंट-भट्ठा संचालक और अन्य प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। 'अदिति कवच परियोजना' के तहत बाल विवाह रोकथाम पर भी चर्चा की गई।
सवेरा स्वयंसेवी संगठन के सचिव एवं मुख्य प्रवक्ता मोहन कुमार ने मानव तस्करी को समाज के लिए गंभीर अपराध बताया। उन्होंने कहा कि इससे निपटने के लिए जनभागीदारी और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बच्चों या महिलाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने जैसी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी भी होटल, दुकान, गैराज, ईंट-भट्ठे या घर में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराना कानूनन अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में बाल श्रम पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान 18 से 25 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और पर्चा वितरण के माध्यम से मानव तस्करी एवं बाल श्रम के विरुद्ध व्यापक जन-जागरण किया जा रहा है।


रिपोर्टर