गया जंक्शन पर दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, 40 हजार रुपये के चोरी के मोबाइल बरामद
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 20, 2026
- 22 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी--- रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई करते हुए गया जंक्शन से दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये मूल्य के दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
आरपीएफ के अनुसार सोमवार को उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ, सीपीडीएस, सीआईबी एवं जीआरपी की संयुक्त टीम गया रेलवे स्टेशन परिसर में गश्त एवं अपराधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 के हावड़ा छोर स्थित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के पास एक स्टॉल के निकट दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान भूपेंद्र यादव (22 वर्ष), पिता हजारी यादव, ग्राम पिपरा, थाना गोह, जिला औरंगाबाद (बिहार) तथा डीरी काडे (19 वर्ष), पिता अशोक काडे, ग्राम मंडला, थाना विदिशा, जिला सांची (मध्य प्रदेश) के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान भूपेंद्र यादव के पास से एक पोको कंपनी का तथा डीरी काडे के पास से एक रियलमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद हुआ। दोनों मोबाइल लॉक अवस्था में थे। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल चोरी किए थे।
आरपीएफ ने दोनों मोबाइल जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जीआरपी थाना, गया के हवाले कर दिया। इस संबंध में जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 189/2026, दिनांक 20 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है।


रिपोर्टर