रोहतास गढ़ किले एवं गांवों के विकास को लेकर डीएम एसपी ने निरीक्षण किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 20, 2026
- 19 views
रोहतास ।जिले के ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किला एवं पहाड़ी गांवों के विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा पहाड़ी क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री रौशन कुमार ने स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने रोहतासगढ़ पंचायत भवन के पास स्थित नवनिर्मित अतिथि गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में पर्यटन विकास, सड़क संपर्क, विद्युत एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण तथा स्थानीय लोगों के लिए आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने रोहतासगढ़ किला परिसर में स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के कर्मा वृक्ष के संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है।
ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने का निर्देश जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को दिया गया। साथ ही रोहतासगढ़ रोपवे परियोजना की गुणवत्ता, निर्माण मानकों एवं कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पहाड़ी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोलर प्लांट की स्थापना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पहाड़ी गांवों में बिजली पहुंचाने की योजना पर भी मंथन किया गया तथा बताया गया कि वन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होने के तुरंत बाद संबंधित कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि रेहल से चौरासन मंदिर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण में आ रही प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधाओं को शीघ्र दूर कर परियोजना को गति प्रदान की जाएगी। चौरासन मंदिर के क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत कर आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से रेलिंग लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही मंदिर परिसर के समीप लोगों की सुविधा के लिए शौचालय का निर्माण कराने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि रेहल थाना भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। नेटवर्क एवं सैटेलाइट कनेक्टिविटी उपलब्ध होते ही थाना विधिवत कार्य करना शुरू कर देगा।
अधिकारियों द्वारा बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा रोहतासगढ़ किला परिसर में विभिन्न संरक्षण एवं विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इन कार्यों में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण एवं पर्यटन विकास दोनों समानांतर रूप से आगे बढ़ सकें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि रोहतासगढ़ किला देश की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है। यहां सड़क संपर्क, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। जिला प्रशासन रोहतासगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगा।
इस दौरान उप विकास आयुक्त, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, प्रभारी पर्यटन पदाधिकारी, वन विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


रिपोर्टर