नगरपंचायत चेनारी की "चमचमाती RCC रोड" पर अब विकास नहीं, फिसलन का ओलंपिक होगा!
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 19, 2026
- 15 views
रोहतास।चाक-चौबंद नहीं, चाक से फिसलन और चौबंद कचरा कहिये!ना ना साहब, आंखें मत फाड़िए। ये कोई तालाब, गढ़ा या मछली पालन केंद्र नहीं है, ये है नगरपंचायत चेनारी के कर्पूरी चौक की "चमचमाती RCC रोड"
बरसात हुई और थोड़ा पानी ठहर गया तो रोड ने अपना असली रूप दिखा दिया। पानी के ठहरने से कीचड ऐसे जम गई मानो किसी कैद से आजाद होकर जश्न मना रही हो। इस रास्ते पर चलना तो दूर, खड़े होने में भी डर लग रहा है कि कहीं पैर फिसलकर "सीधा हॉस्पिटल" न पहुंचा दे।
स्थानीय लोगों ने कई बार नाली सफाई के मुद्दे उठाये हैं, लेकिन प्रशासन है कि मानता ही नहीं। साहब की फाइलों में तो हर गली "स्वच्छ भारत" का मॉडल बनी हुई है। जमीन पर क्या है, इससे उन्हें क्या मतलब।
खबरदार:_ अगर आपका कर्पूरी चौक, मवेशी अस्पताल से आना-जाना है तो जूते संभालकर और जान बचाकर चलिए। कहीं आप फिसलकर गिर गए तो जिम्मेदारी आपकी! क्योंकि जिम्मेदार पहले ही कह देंगे- "हमने तो सड़क बना दी थी, आप संभलकर क्यों नहीं चले?"
वोट मांगने आए थे तो "विकास की बयार" बहाने वाले थे। अब हाल ये है कि बयार तो नहीं, पर गंदे पानी की बाढ़ जरूर आ गई है, और इस कीचड युक्त जल भराव को देखकर लोग यही कह रहे हैं, चेनारी स्मार्ट नगर पंचायत भले ही ना बने, "स्लिप- नगर पंचायत" का दर्जा जरूर ले लेगा।
चेनारी का मुख्य सड़क बना नदी, आवागमन में लोगों को हो रही है असुविधा
यह चेनारी मुख्य बाजार की सड़क है, जो मल्हीपुर–कुदरा स्टेट हाईवे को जोड़ती है। आप स्वयं देख सकते हैं कि सड़क पर किस प्रकार नदी की तरह पानी बह रहा है।
चेनारी जब पंचायत से नगर पंचायत का दर्जा मिला था, तब लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब विकास की गंगा बहेगी। लेकिन आज धरातल की हकीकत सबके सामने है।
सरकार हर वर्ष गुप्ता धाम महोत्सव पर लाखों रुपये खर्च करती है, लेकिन विडंबना यह है कि गुप्ता धाम एवं बिहार के मिनी स्विट्जरलैंड के रूप में विख्यात दुर्गावती जलाशय (करमचट डैम) जाने वाले मुख्य मार्ग पर ही इतना जलजमाव है कि आम लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ ही दिनों में सावन और महाशिवरात्रि का पावन पर्व आने वाला है। इस दौरान बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश से लाखों श्रद्धालु पैदल जलाभिषेक के लिए गुप्ता धाम पहुंचते हैं। ऐसे में जिला प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तैयारियों की वास्तविक स्थिति आप स्वयं देख सकते हैं।
इस गंभीर समस्या के त्वरित समाधान हेतु मैंने तत्काल रोहतास के जिलाधिकारी श्री दीपक मिश्रा जी से फोन पर बात कर उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है। हमें उम्मीद है कि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर