बिजली विभाग पर अवैध वसूली का आरोप, छोटी मरम्मत के लिए भी मांगे जा रहे 200 से 1500 रुपये तक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 14, 2026
- 5 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी रोहतास।विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। जिले के कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि विभाग के कुछ कर्मी बिना अतिरिक्त पैसे लिए छोटे-बड़े कार्य करने को तैयार नहीं हो रहे, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कनेक्शन में मामूली खराबी आने पर सूचना देने के बाद भी समय पर कार्रवाई नहीं होती। फॉल्ट ठीक करने या एक तार जोड़ने जैसे छोटे काम के लिए भी 200 रुपये या उससे अधिक की मांग की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई मोहल्लों में बिजली के खंभों पर लगे वितरण बॉक्स लंबे समय से जले हुए पड़े हैं। उन्हें बदलने की दिशा में कोई पहल नहीं हो रही, जिस कारण बार-बार बिजली बाधित हो रही है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार जब वे विभागीय कार्यालय में शिकायत लेकर जाते हैं तो समाधान के बजाय कनेक्टर लगाने की सलाह दी जाती है। आरोप है कि इसके लिए 1,000 से 1,500 रुपये तक मांगे जाते हैं और 600 रुपये से कम में काम नहीं होने की बात कही जाती है।
इसके अलावा बिजली बिल में त्रुटियों को सुधारवाने में भी उपभोक्ताओं को दिक्कतें आ रही हैं। बिल संबंधी शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं होने से लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन और उच्च अधिकारियों से मांग की है कि विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि अवैध वसूली या लापरवाही की शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो। साथ ही विभाग में जवाबदेही तय कर शिकायतों के त्वरित समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


रिपोर्टर