बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों को नहीं मिले अधिकारी, 40 गांवों में आक्रोश
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 14, 2026
- 67 views
साहेब अभी मीटिंग में व्यस्त हैं कहकर लौटाए गए उपभोक्ता
रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिले के अखिलासपुर पावर हाउस के अखिलासपुर फीडर से जुड़े करीब 40 गांवों में बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बबुरा, अखिलासपुर, परसिया समेत कई गांवों के दर्जनों उपभोक्ता लगातार बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति की शिकायत लेकर अखिलासपुर पावर हाउस पहुंचे।
लेकिन वहां मौजूद कर्मियों ने अधिकारियों के नहीं होने की बात कहकर उन्हें जिला विद्युत कार्यालय भेज दिया। जिला कार्यालय पहुंचने पर भी ग्रामीणों को निराशा हाथ लगी। वहां न तो तकनीकी अधिकारी मिले और न ही ग्रामीण एसडीओ। घंटों इंतजार के बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी ने उपभोक्ताओं की समस्या नहीं सुनी।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक महीने से अधिक समय से बिजली की स्थिति बेहद खराब है। लो-वोल्टेज के साथ ही पांच मिनट बिजली आती है और फिर सप्लाई बंद हो जाती है। इससे घरों में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। शौचालय और पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
बिजली संकट का असर कुटीर उद्योग पर भी पड़ा है। आरओ वाटर प्लांट संचालक अतुल तिवारी समेत कई उपभोक्ताओं ने बताया कि न तो ग्रामीण एसडीओ फोन उठाते हैं और न ही तकनीकी अधिकारी मिलते हैं।
इस संबंध में ग्रामीण एसडीओ से संपर्क किया गया तो उन्होंने फील्ड में होने की बात कहकर फोन काट दिया। वहीं कार्यपालक अभियंता के कार्यालय में "साहेब अभी मीटिंग में व्यस्त हैं" कहकर संदेश भिजवाया गया।
बिजली विभाग के इस रवैये से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।


रिपोर्टर