सीमा पर सुरक्षा के साथ रोजगार का संकल्प 44वीं वाहिनी एसएसबी ने शुरू किए मोबाइल रिपेयरिंग व दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण

बिहार 

विश्वसनीय सूत्र 

पश्चिमी चंपारण-- नरकटियागंज। इंडो-नेपाल सीमा की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), नरकटियागंज सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। इसकी झलक 'सी' समवाय पचरौता के अंतर्गत रामपुर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में देखने को मिली, जहां एक साथ 30 दिवसीय मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण एवं 30 दिवसीय दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सिकटा विधायक समृद्ध वर्मा एवं 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 20 प्रशिक्षुओं के लिए मोबाइल रिपेयरिंग तथा 20 प्रशिक्षुओं के लिए दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण शुरू किया गया है। दोपहिया वाहन मरम्मत प्रशिक्षण रामपुर में आयोजित होगा, जिसमें वाइब्रेंट विलेज जसौली एवं गम्हरिया के युवक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। वहीं मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण वाइब्रेंट विलेज भिखनाठोरी एवं भतीजुला के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जाएगा।

इस अवसर पर एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। एसएसबी समय-समय पर महिलाओं को सशस्त्र सीमा बल एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में भर्ती के लिए प्रेरित करने, 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ', रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, मधुमक्खी पालन, नशा मुक्त भारत अभियान तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य भी करती रही है।

दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रम एनजीओ द्वारा संचालित किए जाएंगे


कार्यक्रम में उप कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट रामवीर कुमार, सागर मलिक, गुलाब यादव एवं तरुण यादव, निरीक्षक (सामान्य) जयप्रकाश, उपमुखिया दीपक यादव, सरपंच वीरवासन फावदा, अशोक सुब्बा, शिक्षक सुरेंद्र सिंह, जनता फिजिकल अकादमी रामपुर के संस्थापक अरविंद यादव, कुमार फाउंडेशन की प्रतिनिधि श्रीदेवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों, एसएसबी अधिकारियों एवं जवानों ने खेल मैदान परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट