दुर्गावती सीएचसी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 08, 2026
- 2 views
दुर्गावती/कैमूर:-- जैनम जीविका फाउंडेशन द्वारा संचालित लाइव सेवर आर्मी अभियान के तहत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), दुर्गावती में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चिकित्सा प्रभारी डॉ. संगीता सिन्हा ने की। उन्होंने युवाओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों से इस पुनीत कार्य से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि, "रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है।"
शिविर के दौरान मनोज मिश्रा, मनीष कुमार पाल, डिम्पल कुमारी एवं नीतीश कुमार सहित अन्य लोगों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया।
जैनम जीविका फाउंडेशन के स्टेट कोऑर्डिनेटर चन्द्र भूषण सिंह ने बताया कि लाइव सेवर आर्मी अभियान का उद्देश्य देशभर में स्वैच्छिक रक्तदाताओं का सशक्त नेटवर्क तैयार करना है, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी भी मरीज का उपचार प्रभावित न हो।
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


रिपोर्टर