दुर्गावती में 21 भैंसों से लदा ट्रक बरामद, चार पशु तस्कर गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 07, 2026
- 4 views
दुर्गावती/कैमूर:-- थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 21 भैंसों से लदे एक ट्रक को पकड़कर चार कथित पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात करीब 11:00 बजे सूचना मिली कि मोहनियां की ओर से एक ट्रक में पशुओं को लादकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार यादव, योगेंद्र कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार शामिल थे।
गठित टीम ने दुर्गावती स्थित एनएच-19 पर वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान ट्रक संख्या UP70FT6643 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, ट्रक के डाले में 21 भैंसों को कथित रूप से बेरहमी से बांधकर रखा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पशुओं को उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे, जहां उन्हें मालिक को सौंपने के बाद कटवाया जाना था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूर आलम कानपुर, उत्तर प्रदेश, शाहबान कौशांबी, उत्तर प्रदेश, शाजिद कुरैशी सासाराम, रोहतास तथा मोहम्मद कमाल खान विक्रमगंज, रोहतास के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 21 भैंस एवं ट्रक संख्या UP70FT6643 को जब्त कर लिया है। मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर