बच्चों के नहर में नहाने के विवाद में खूनी संघर्ष, 18 घायल, 16 आरोपी गिरफ्तार,34 पर केस दर्ज

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 


रामपुर/कैमूर:-- जिला के बेलाव थाना क्षेत्र के खजुरा सरैया टोला स्थित काली मंदिर नहर में बच्चों के नहाने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार की शाम हिंसक झड़प में बदल गया। सोनवर्षा गांव और सरैया टोला के लोगों के बीच जमकर लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चले, जिसमें दोनों पक्षों के 18 महिला, पुरुष और युवक घायल हो गए।

घटना की सूचना पर बेलाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रामपुर पीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच पुरुष और एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल अब खतरे से बाहर हैं।


घटना के बाद दोनों पक्षों ने अलग-अलग आवेदन देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए। सरैया टोला की विगनी देवी ने 20 लोगों को नामजद किया, जबकि सोनवर्षा गांव की प्रमिला देवी ने 14 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलाव, करमचट और भगवानपुर थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें सोनवर्षा गांव से 9 तथा सरैया टोला से 7 आरोपित शामिल हैं। गिरफ्तार सभी लोगों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस मामले में बेलांव प्रभारी थानाध्यक्ष रोमा कुमारी ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर करीब 34 लोगों को आरोपित बनाया गया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट