कुदरा के नसेज गांव में 4 साल से जल-जमाव, नाराज ग्रामीणों का आक्रोश
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 05, 2026
- 39 views
2700 मतदाताओं का गांव बेहाल, स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, शादी रिश्ते बंद
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- जिले के कुदरा प्रखंड के नसेज गांव में पिछले 3-4 वर्षों से जल-जमाव, टूटी नाली-गली और खराब सड़क की समस्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। नाली निर्माण कार्य धीमी गति से होने के कारण पूरा गांव घुटने भर पानी में डूबा रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के समाधान के लिए 2023 से लगातार सांसद, जिलाधिकारी कैमूर और प्रखंड विकास पदाधिकारी कुदरा को आवेदन देकर अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
2700 मतदाताओं वाले इस गांव के 400 घरों के लोग इसी एकमात्र मार्ग पर आश्रित हैं। गांव में स्थित 10+2 राम अवतार सिंह विद्यालय में पढ़ने जाने वाले बच्चे रोजाना जल-जमाव पार कर स्कूल पहुंचते हैं। बुजुर्ग, महिला और बच्चे मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरने को विवश हैं।
जल-जमाव के कारण गांव की छवि खराब हो गई है। शादी-विवाह के अच्छे रिश्ते आने बंद हो गए हैं, जिससे पूरे गांव में मायूसी छाई हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र नाली-गली और सड़क निर्माण की मांग की
मोहनियां एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने कहा कि कुदरा प्रखंड के नसेज गाँव में नाली निर्माण और जलजमाव की समस्या का मामला हमारे संज्ञान में आया है। वीडियो से मिली जानकारी के मुताबिक नाली का कुछ काम हुआ है, लेकिन जलजमाव की स्थिति को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया जा रहा है। हमारी पहली प्राथमिकता जलजमाव को खत्म करना है ताकि कोई महामारी न फैले। इस लापरवाही पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर