चिकित्सा और समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. बिधान चंद्र राय को मिला था भारत रत्न : डॉ. विश्व विजय सिंह
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 03, 2026
- 16 views
डॉक्टर्स डे पर आईएमए ने वरिष्ठ चिकित्सकों का किया सम्मान, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजे गए पांच वरिष्ठ डॉक्टर
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी--- राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) गया शाखा के सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएमए के अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह ने की। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही पहली बार 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठतम चिकित्सकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देकर उनके लंबे और उत्कृष्ट चिकित्सा योगदान का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईएमए अध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह ने कहा कि चिकित्सक केवल बीमारियों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और संवेदनशील समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस महान चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र राय की स्मृति में मनाया जाता है। चिकित्सा एवं समाज सेवा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1961 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया गया था। उनका जीवन चिकित्सा सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने डॉक्टरों से सेवा, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया तथा वर्ष 2026 के डॉक्टर्स डे की थीम पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
आईएमए के सचिव डॉ. विमलेंदु विमल ने कहा कि चिकित्सकों का सम्मान उनकी निस्वार्थ सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर हर परिस्थिति में मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं और समाज उनके योगदान को सदैव याद रखेगा।
समारोह में पहली बार 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठतम चिकित्सकों डॉ. यू. एन. भदानी, डॉ. ए. एन. राय, डॉ. एस. के. पी. सिंह, डॉ. श्यामा रानी तथा डॉ. यू. एस. मिश्रा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुसार वरिष्ठ चिकित्सकों में डॉ. विजय कृष्ण प्रसाद, डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. एन. बी. सारण एवं डॉ. जितेंद्र कुमार को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी, मानवीय एवं जनहितकारी बनाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. आर. के. चंदेल, डॉ. प्रांशु कुमार, डॉ. यू. एस. अरुण, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. राहुल सहाय, डॉ. अबू नोमान, डॉ. दीप शिखा, डॉ. ऋषिकेश कुमार, डॉ. ए. एन. सिंह, डॉ. डी. के. सहाय, डॉ. उमेश कुमार वर्मा, डॉ. विनोद कुमार सिंह, डॉ. जय प्रकाश सिंह, डॉ. सी. एल. नारायण, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. एस. एस. उज्जम्मान, डॉ. रेनू सिंह, डॉ. बिनय कुमार जैन, डॉ. एल. पी. सिंह, डॉ. नंद किशोर गुप्ता, डॉ. रतन कुमार, डॉ. बिनय कुमार सिंह, डॉ. अफशां सरताज बदर, डॉ. रामसेवक प्रसाद सिंह तथा डॉ. के. के. लोहानी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं आईएमए के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सचिव डॉ विमलेंदु विमल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


रिपोर्टर