वार्ड-04 की आम सभा में जनसमस्याओं पर मंथन, स्पीड ब्रेकर, पेंशन व आवास योजना के मुद्दे उठे

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी-- नगर निगम के वार्ड संख्या-04 की पार्षद अनुपमा कुमारी की ओर से गुरुवार को गांधी मोड़, छोटकी नवादा में आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल राउत तथा संचालन दिलीप कुमार मंडल ने किया। सभा में स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उठाईं।

पार्षद अनुपमा कुमारी ने पहसवार मोड़ से बालाजी मोड़ होते हुए गोविंदपुर रेलवे क्रॉसिंग तक घनी आबादी वाले क्षेत्र में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्पीड ब्रेकर निर्माण, विधवा, वृद्ध एवं दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि का शीघ्र भुगतान तथा आवास योजना में अनियमितताओं की जांच की मांग की। इसके अलावा झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों को आवास, सड़क निर्माण और हर घर नल-जल योजना के तहत नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने पर भी चर्चा हुई।

पार्षद ने कहा कि आम सभा में उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों को संबंधित विभागों और नगर निगम प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने वार्ड के समग्र विकास और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद विनोद मंडल, पार्षद प्रतिनिधि दिलीप कुमार मंडल, जदयू नेता गोपाल राउत, सुशील पासवान, परमानंद सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर लखनऊ के कोचिंग सेंटर अग्निकांड में असमय जान गंवाने वाले 15 विद्यार्थियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट