डॉक्टर दिवस पर भाजपा नेताओं ने चिकित्सकों का किया सम्मान, कहा– मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम हैं डॉक्टर

डॉ. मनीष पंकज मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में चिकित्सकों को अंगवस्त्र, कलम, डायरी व पुष्पगुच्छ भेंट, कोरोना काल की सेवाओं को किया नमन

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी---- राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में समाज की सेवा में निरंतर समर्पित चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर एवं यश राज ने डॉ. चंद्र किरण, डॉ. जियाउद्दीन खान तथा डॉ. आशुतोष कुमार को अंगवस्त्र, कलम, डायरी एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि डॉक्टरों को धरती का भगवान यूं ही नहीं कहा जाता। वे हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए मानव जीवन की रक्षा के लिए समर्पित रहते हैं। रोगी को नया जीवन देना सबसे बड़ी मानव सेवा है और चिकित्सक इसी सेवा भावना के साथ समाज को स्वस्थ बनाने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में जब पूरा देश संकट से जूझ रहा था, तब डॉक्टरों ने अपने परिवार और व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं की परवाह किए बिना दिन-रात लोगों की जान बचाने का कार्य किया। उनका त्याग, समर्पण और साहस सदैव स्मरणीय रहेगा।

सम्मानित चिकित्सकों ने आयोजन के लिए भाजपा नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें समाज सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक हमेशा अपने कर्तव्य को सर्वोपरि मानते हैं और भविष्य में भी पूरी निष्ठा के साथ लोगों की सेवा करते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर एवं यश राज ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और उनके योगदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

इस अवसर पर महेश यादव, बबलू गुप्ता, कुंदन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट